अपडेटेड 16 December 2025 at 23:57 IST
'ये भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित', इथियोपिया ने PM मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, 27 देश पहले ही कर चुके हैं सम्मानित
Narendra Modi in Ethiopia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक और सम्मान मिला है। इथियोपिया ने उन्हें अपने सर्वोच्च पुरस्कार 'ग्रेट ऑनर निशान' से नवाजा गया है। इस अवार्ड के साथ उन्हें अबतक दुनियाभर के अलग-अलग देशों से 28 सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

PM Modi Ethiopia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन देशों के विदेश दौरे पर हैं। वो पहले जॉर्डन और फिर अब इथोपिया पहुंच गए हैं। यहां प्रधानमंत्री को एक और सम्मान से नवाजा गया है। PM मोदी को इथोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान’ से सम्मानित किया गया। उन्होंने ये सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई देश अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाज चुके हैं। इथियोपिया के इस अवार्ड के साथ उन्हें अबतक दुनियाभर के अलग-अलग देशों से 28 सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं।
‘यहां के लोगों से अद्भुत अपनापन और आत्मीयता मिली’
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज इथोपिया की इस महान धरती पर आप सबके बीच होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैंने आज दोपहर ही इथोपिया में कदम रखा है और आते ही मुझे यहां के लोगों से एक अद्भुत अपनापन और आत्मीयता मिली। प्रधानमंत्री खुद मुझे एयरपोर्ट पर लेने आए। फ्रेंडशिप पार्क और साइंस म्यूजियम लेकर गए। आज शाम यहां की लीडरशिप से मेरी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। ये सब अपने आप में एक अविस्मरणीय अनुभव है।"
ये मेरे लिए गौरव की बात- PM मोदी
उन्होंने आगे कहा, "विश्व की अति प्राचीन और समृद्ध सभ्यता द्वारा सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत गौरव की बात है। मैं सभी भारतवासियों की ओर से इस सम्मान को पूरी विनम्रता और कृतज्ञता से ग्रहण करता हूं। यह सम्मान उन अनगिनत भारतीयों का है जिन्होंने हमारी साझेदारी को आकार दिया।"
Advertisement
क्या है इथोपिया का 'ग्रेट ऑनर निशान' सम्मान?
'ग्रेट ऑनर निशान' सम्मान इथियोपियाई साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। इसकी शुरुआत इथियोपिया के सम्राट मेनेलिक द्वितीय (Menelik II) ने 1884-85 में की थी। इसे ‘द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ इथियोपिया’ के नाम से भी जाना जाता है। इस सम्मान से उन विदेशी राजाओं, राष्ट्रप्रमुखों और विशेष व्यक्तियों को नवाजा जाता है, जिन्होंने इथियोपिया की सेवा की हो या फिर द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया हो। पीएम मोदी से पहले यह सम्मान ब्रिटेन के किंग जॉर्ज VI, प्रिंस आर्थर और यूरोप के कई शाही परिवारों के सदस्यों को दिया गया है।
कई देशों ने PM मोदी को किया है सम्मानित
बता दें कि इस सम्मान के साथ पीएम मोदी की अब तक दुनिया के विभिन्न देशों से लगभग 28 सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। इसी साल जुलाई महीने में ही तीन देशों नामिबिया, ब्राजील और त्रिनिदाद और टोबैगो ने अपने सर्वोच्च सम्मानों से नवाजा था। लिस्ट में पापुआ न्यू गिनी, फिजी, पलाऊ, मिस्र, फ्रांस जैसे कई देश शामिल हैं, जो पीएम मोदी को सम्मानित कर चुके हैं।
Advertisement
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 16 December 2025 at 23:57 IST