अपडेटेड 5 February 2026 at 17:20 IST
देश तेज गति से आगे बढ़ रहा, ना हमें रुकना है ना पीछे मुड़कर देखना है, लक्ष्य को प्राप्त करके ही हमें सांस लेना है- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इससे पहले बुधवार को लोकसभा में हुए विवाद के बाद प्रधानमंत्री को निचले सदन में अपना जवाब रद्द करना पड़ा था।
राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा कि ना हमें रुकना है, ना हमें पीछे मुड़कर देखना है। हमें आगे ही आगे देखना है और लक्ष्य को प्राप्त करके ही हमें सांस लेना है। उस दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।
क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कहा, "विकसित भारत की यात्रा में बीते वर्ष देश के तेज प्रगति के विकास के वर्ष रहे हैं। जीवन के हर क्षेत्र में, समाज के हर वर्ग को उनके जीवन में परिवर्तन का ये कालखंड रहा है। एक सही दिशा में तेज गति से देश आगे बढ़ रहा है।आदरणीय राष्ट्रपति जी ने बहुत ही बढ़िया तरीके से पूरी संवेदनशीलता के साथ इस विषय को हम सबके सामने प्रस्तुत किया है।"
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति जी ने इस देश के मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग, गरीब, गांव, किसान, महिलाएं, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि... सभी विषयों को विस्तार से रखते हुए भारत की प्रगति का एक स्वर संसद में गूंजाया है। देश के नौजवान भारत के सामर्थ्य को कैसे आगे बढ़ा रहे हैं, इसकी भी विस्तार से चर्चा की है। हर वर्ग के सामर्थ्य को उन्होंने शब्दांकित किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने भारत के उज्ज्वल भविष्य के प्रति एक विश्वास व्यक्त किया है। ये हम सभी के लिए प्रेरक है।
Advertisement
'हमें तेज गति से चलना है और लक्ष्य प्राप्त करके ही आगे बढ़ना है'
प्रधानमंत्री ने कहा, "21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है, लेकिन यह दूसरा क्वार्टर भी उतना ही निर्णायक है, जैसे पिछली शताब्दी में भारत की आजादी की जंग में दूसरा क्वार्टर निर्णायक रहा था। मैं साफ साफ देख रहा हूं कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ये दूसरा क्वार्टर भी उतना ही सामर्थ्यवान होने वाला है, उतनी ही तेज गति से आगे बढ़ने वाला है।"
उन्होंने कहा कि आज राष्ट्र का हर व्यक्ति ये महसूस कर रहा है कि हम एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं। अब हमें न रुकना है, न पीछे मुड़कर देखना है। हमें तेज गति से चलना है और लक्ष्य प्राप्त करके ही आगे बढ़ना है। उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।
Advertisement
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 5 February 2026 at 17:09 IST