PM मोदी ने किया Semicon India 2026 का उद्घाटन, जनसभा को संबोधित कर बोले- 'यह नए भारत की ताकत है, जिस पर दुनिया कर रही है भरोसा'

दिल्ली के यशोभूमि सेंटर में 'सेमिकॉन इंडिया 2026' का भव्य शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है।

PM मोदी ने किया Semicon India 2026 का उद्घाटन, जनसभा को संबोधित कर बोले- 'यह नए भारत की ताकत है, जिस पर दुनिया कर रही है भरोसा'
PM मोदी ने किया Semicon India 2026 का उद्घाटन, जनसभा को संबोधित कर बोले- 'यह नए भारत की ताकत है, जिस पर दुनिया कर रही है भरोसा' | Image: ANI

देश में तकनीकी क्रांति और चिप मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'सेमीकॉन इंडिया 2026' का भव्य आगाज हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जो 19 सितंबर तक चलेगा। यह आयोजन सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का एक अहम हिस्सा बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक छलांग है।

विश्व पटल पर भारत का बढ़ता रुतबा

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया का भारत की नीतियों और तकनीकी क्षमताओं पर भरोसा तेजी से बढ़ रहा है। दुनिया की कई प्रमुख रेटिंग एजेंसियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को शानदार रेटिंग दी है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि इतने कम समय में किसी भी देश के लिए ऐसी तरक्की करना आसान नहीं है। इसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्टेकहोल्डर्स ने अहम भूमिका निभाई है। भारत में अब फैबलेस कंपनियों का विस्तार हो रहा है और देश एक मजबूत AI इकोसिस्टम तैयार करने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

1 लाख छात्रों को ट्रेनिंग का लक्ष्य

भारत की सबसे बड़ी ताकत इसकी युवा आबादी है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर खास जोर दिया कि भारत के पास दुनिया का एक बहुत बड़ा इंजीनियरिंग टैलेंट पूल है। हर साल लाखों इंजीनियर तैयार हो रहे हैं। इसी को भुनाने के लिए सरकार ने सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से 1 लाख छात्रों को विशेष ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा है। चिप डिजाइनिंग के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर स्किलिंग का काम चल रहा है। पीएम ने रिसर्च कर रहे युवाओं से आगे आने की अपील की, जिससे न सिर्फ देश की इंडस्ट्री को फायदा मिलेगा बल्कि युवाओं को बेहतरीन रोजगार भी मिलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो/डीडी)

ऊर्जा सुरक्षा और स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर 

पीएम मोदी ने इस चुनौती का जिक्र करते हुए आश्वस्त किया कि भारत आने वाले समय की बिजली की बढ़ती मांग के लिए पूरी तरह तैयार है। पावर सेक्टर में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है और देश ग्रीन एनर्जी के साथ-साथ 'स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर' तकनीक पर भी तेजी से काम कर रहा है। ये कदम भारत को चिप मैन्युफैक्चरिंग के लिए दुनिया का पसंदीदा डेस्टिनेशन बना रहे हैं।

Advertisement

600 कंपनियां, 52 देश क ग्लोबल मंच

इस वर्ष सेमीकॉन इंडिया की थीम 'सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण' रखी गई है। इवेंट में 52 देशों की 600 से अधिक कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।इसमें 50 हजार से अधिक विजिटर्स, 400 से ज्यादा एग्जीक्यूटिव्स और 150 से अधिक स्पीकर्स शामिल हो रहे हैं। इस इवेंट में जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया, नीदरलैंड और स्वीडन के छह विशेष कंट्री पवेलियन बनाए गए हैं। 

इसके अलावा 12 स्टेट बूथ, स्टार्टअप पवेलियन और स्टूडेंट हैकाथॉन जैसे आकर्षण भी मौजूद हैं। यहां 'सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम' के पूरे प्रोसेस को विस्तार से प्रदर्शित किया जा रहा है। इसमें चिप डिजाइन, फैब्रिकेशन और एडवांस्ड पैकेजिंग की पूरी वैल्यू चेन दिखाई जा रही है।

Advertisement

आखिर क्या है सेमीकंडक्टर?

आसान भाषा में समझें तो सेमीकंडक्टर इलेक्ट्रिसिटी का 'ट्रैफिक कंट्रोलर' होता है। आज आपके हाथ में मौजूद मोबाइल फोन से लेकर स्मार्ट टीवी, कार और एडवांस मेडिकल मशीनों तक, हर जगह चिपसेट का इस्तेमाल होता है। इसे मुख्य रूप से सिलिकॉन से बनाया जाता है। सिलिकॉन से तैयार किए गए वेफर पर अरबों छोटे-छोटे ट्रांजिस्टर लगाए जाते हैं, जो इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के 'दिमाग' यानी प्रोसेसर के रूप में काम करते हैं। इसके बिना आधुनिक तकनीक की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

ये भी पढ़ें - PM Modi 76th Birthday Wish: बॉलीवुड से लेकर क्रिकेट जगत तक...इन दिग्गजों ने दी PM मोदी को जन्मदिन की बधाई, पोस्ट किया खास मैसेज

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड