PM Modi in Muscat: मस्कट में भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, कहा- ओमान में भारतीय शिक्षा के 50 वर्ष पूरे, ये बहुत बड़ा पड़ाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज हम एक परिवार की तरह इकट्ठा हुए हैं।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज हम एक परिवार की तरह इकट्ठा हुए हैं। आज हम अपने देश को, अपनी टीम इंडिया को सेलिब्रेट कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "भारत-ओमान के बीच जो रिश्ता ट्रेड से शुरू हुआ था, आज उसको एजुकेशन सशक्त कर रही है। मुझे बताया गया है कि यहां के भारतीय स्कूलों में करीब 46 हजार छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इसमें ओमान में रहने वाले अन्य समुदायों के भी बच्चे शामिल हैं। ओमान में भारतीय शिक्षा के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ये हम दोनों देशों के संबंधों का एक बहुत बड़ा पड़ाव है।"
दिवाली के बारे में बताया
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक और अद्भुत सम्मान हाल ही में मिला है। यूनेस्को ने दिवाली को Intangible Cultural Heritage of Humanity में शामिल किया है। अब दिवाली का दिया हमारे घर को ही नहीं, पूरी दुनिया को रोशन करेगा। ये दुनियाभर में बसे प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। दिवाली की ये वैश्विक पहचान हमारी उस रोशनी की मान्यता है, जो आशा, सद्भाव और मानवता के संदेश को, उस प्रकाश को फैलाती है।
'भारतीय समुदाय एक साथ रहने और सहयोग का जीता-जागता उदाहरण'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम भारतीय कहीं भी जाएं या रहें, हम हमेशा विविधता का सम्मान करते हैं। हम अपने नए माहौल की संस्कृति और रीति-रिवाजों को आसानी से अपना लेते हैं। यहां ओमान में, मैंने यह खुद देखा है। भारतीय समुदाय एक साथ रहने और सहयोग का जीता-जागता उदाहरण है।"
Advertisement
उन्होंने आगे कहा, "कुछ दिन पहले ही इकोनॉमिक ग्रोथ के आंकड़े आए हैं और भारत की ग्रोथ 8 प्रतिशत से अधिक रही है। यानी भारत, लगातार दुनिया की fastest growing major economy बना हुआ है। ये तब हुआ है, जब पूरी दुनिया चुनौतियों से घिरी है। भारत, दुनिया का पहला ऐसा देश है, जो चंद्रमा के साउथ पोल तक पहुंचा है। इतना ही नहीं, हमने 104 सैटेलाइट को एक साथ लॉन्च करने का कीर्तिमान बनाया है। अब भारत अपने गगनयान से पहला ह्यूमन स्पेस मिशन भी भेजने जा रहा है। वो समय भी दूर नहीं, जब अंतरिक्ष में भारत का अपना स्पेस स्टेशन भी होगा।"