Guyana: 'भारत-गुयाना के बीच मिट्टी, पसीने और परिश्रम का रिश्ता है': गुयाना में PM मोदी बोले

PM Modi in Guyana: पीएम मोदी ने गुयाना की संसद के विशेष सत्र में कहा कि भारत और गुयाना के बीच मिट्टी, पसीने और परिश्रम का रिश्ता है।

Prime Minister Narendra Modi addresses special session of Guyana Parliament
गुयाना में पीएम मोदी | Image: X

PM Modi in Guyana: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों गुयाना दौरे पर है। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली ने जॉर्जटाउन में उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस' से सम्मानित किया। पीएम मोदी ने गुयाना की संसद के विशेष सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और गुयाना के बीच का संबंध बेहद गहरा है।

गुयाना की संसद में विशेष सत्र के दौरान पीएम मोदी ने कहा, "भारत और गुयाना का रिश्ता बहुत गहरा है, यह मिट्टी, पसीने और परिश्रम का रिश्ता है। करीब 180 साल पहले एक भारतीय गुयाना की धरती पर आया था और उसके बाद से खुशी और गम दोनों ही स्थितियों में भारत और गयाना का रिश्ता आत्मीयता से भरा रहा है।"

गुयाना से मेरी यात्रा की कई यादें जुड़ी है: पीएम मोदी

उन्होंने आगे कहा, "24 साल पहले एक जिज्ञासु के रूप में मुझे इस खूबसूरत देश में आने का अवसर मिला। आमतौर पर लोग ऐसे देशों में जाना पसंद करते हैं जहां ताम-झाम हो चकाचौंध हो, लेकिन मुझे गुयाना की विरासत और इतिहास को जानना और समझना था। आज भी गुयाना में कई लोग मिल जाएंगे जिनकी मुझसे हुई मुलाकात याद होगी। मेरी तब की यात्रा से बहुत सी यादें जुड़ी हुई हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम कभी भी विस्तारवाद की सोच के साथ आगे नहीं बढ़े हैं। हम संसाधनों पर कब्जा करने की सोच से हमेशा दूर रहे हैं। मेरा मानना ​​है कि चाहे अंतरिक्ष हो या समुद्र, ये सार्वभौमिक सहयोग का विषय होना चाहिए, सार्वभौमिक संघर्ष का नहीं। विश्व के लिए भी, ये समय संघर्ष का नहीं, बल्कि संघर्ष पैदा करने वाली परिस्थितियों को पहचानने और उन्हें दूर करने का है।

Advertisement

पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर कई देशों ने विकास किया: PM मोदी

गुयाना में प्रधानमंत्री ने कहा, "आज भारत वैश्विक दक्षिण की आवाज बन गया है... वैश्विक दक्षिण ने अतीत में बहुत कुछ सहा है... पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर कई देशों ने विकास किया है। आज वैश्विक दक्षिण जलवायु परिवर्तन की सबसे बड़ी कीमत चुका रहा है... चाहे भारत हो या गुयाना, विकास को लेकर हमारी भी आकांक्षाएं हैं... इसके लिए वैश्विक दक्षिण की एकजुट आवाज बहुत महत्वपूर्ण है... यह वैश्विक दक्षिण के लिए जागृति का समय है..."

सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित हुए पीएम मोदी

गुयाना में पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं राष्ट्रपति डॉ इरफान अली, सरकार और गुयाना के लोगों का 'ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस' से सम्मानित करने के लिए आभारी हूं। यह सम्मान भारत के लोगों का है। आने वाले समय में भारत-गुयाना की दोस्ती और भी मजबूत हो।"

Advertisement

इसे भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा शुरू होते ही बवाल, मौलाना रिजवी बोले-'बंद हो, भारत कभी हिंदू राष्ट्र...'

Published By :
Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड