धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा शुरू होते ही बवाल, मौलाना रिजवी बोले-'बंद हो, भारत कभी हिंदू राष्ट्र...'
पंडित धीरेंद्र शास्त्री के पद यात्रा शुरू होते ही बवाल मच गया है। मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने कहा कि ये यात्रा बंद हो भारत कभी हिंदू राष्ट्र नहीं होगा।
- भारत
- 3 min read
बाबा बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 21 नवंबर से सनातन हिंदू एकता पदयात्रा पर निकले हैं। उनकी यह यात्रा कई मायनों में बेहद खास है। इस यात्रा के जरिए वो हिंदुओं को एकजुट रहने का संदेश देंगे। इसके साथ ही हिंदूओं के खिलाफ होने वाले अत्याचार के लिए आवाज उठाएंगे। बाबा बागेश्वर की यह यात्रा 160 किलोमीटर लंबी, बागेश्वर धाम से ओरछा तक जाएगी। यात्रा शुरू करने से पहले बागेश्वर धाम (Bageshwar Dham) के पीठाधीश्वर ने बड़ा आह्वान किया है। वहीं दूसरी ओर पद यात्रा को रोकने की मांग करते हुए मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने कई सवाल उठाए।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री की पद यात्रा के खिलाफ मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने कहा, "बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री 160 किमी की यात्रा निकालने वाले हैं और उनकी यात्रा आज से शुरू हो रही है। हमें अंदेशा है कि कहीं ये यात्रा सांप्रदायिक ना हो। उसकी वजह ये है कि वो हमेशा मुसलमानों के खिलाफ बोलते हैं, उन्हें धमकी देने की बात करते हैं और पिछले दिनों उनके आश्रम में कई मुसलमानों को अपने आश्रम में मजहब तब्दील कराया। इस वजह से वो हमेशा चर्चा में रहते हैं और अपने आप को हिंदुत्व लीडर साबित करने की कोशिश करते हैं।"
मुसलमानों को चुभती है धीरेंद्र शास्त्री की भाषा: मौलाना रिजवी
धीरेंद्र शास्त्री को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का झंडा बुलंद किया। मैं उनको कहना चाहता हूं कि ये हिन्दुस्तान ना कभी हिंदू राष्ट्र हुआ है ना होगा और ना ही कभी ये मुस्लिम राष्ट्र हो सकता है। वो जिस तरह की भाषा इस्तेमाल करते हैं, उससे मुसलमानों को तकलीफ होती है। मुसलमानों के दिलों को उनकी बात चुभती है। इसलिए मैं हुकूमतों से कहूंगा कि उनकी यात्रा पर पाबंदी लगाए। ऐसा इसलिए क्योंकि वो इस तरह की जुबान इस्तेमाल करेंगे। कहीं ऐसा ना हो कि ये उनकी यात्रा शांति के बजाए सांप्रदायिक रुप इख्तियार कर ले और हिंदू-मुसलमानों के बीच एक बड़ा तनाव पैदा करे।
पद यात्रा में पुलिस सुरक्षा की होगी व्यवस्था
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा में पुलिस की रहेगी कड़ी सुरक्षा। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा आज से शुरू हुई है, जो ओरछा तक निकाली जानी है। इसके लिए पुलिस ने रूट भी डायवर्ट किया है और बड़ी संख्या में संभाग और पुलिस मुख्यालय के पुलिस बल को तैनात किया गया।
Advertisement
मंदिर और मस्जिद में गाए जाएं राष्ट्रगीत: धीरेंद्र शास्त्री
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। अपनी यात्रा को लेकर उन्होंने कहा "सनातनी एकता पदयात्रा का मुख्य लक्ष्य भेदभाव और जातिवाद को दूर करना है। लेकिन अगर यह (आरती के बाद राष्ट्रगीत का गायन) मंदिरों में करने की कोशिश की जाए तो यह बहुत अच्छा और अभिनव होगा। इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन देशद्रोही है और कौन देशभक्त। मस्जिदों में भी ऐसा किया जाना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि धर्मांतरण एक बड़ा मुद्दा है। इसके पीछे एक बड़ा कारण है। कारण यह है कि हम उन तक नहीं पहुंच पाते और वे शहरों में नहीं आ पाते है। यह दूरी तय करना ही धर्मांतरण को रोकना है। इस अंतर को कैसे भरा जा सकता है? हमें उनके बीच जाकर उत्सव मनाना होगा, कथा करनी होगी, उन्हें मंच पर बुलाना होगा। राजनेता वोट बैंक की राजनीति के लिए उनके पास जाते हैं और गले मिलते हैं, लेकिन बाद में उन्हें भूल जाते हैं। धार्मिक नेताओं, संतों, आचार्यों को उन अनादिवासियों के पास जाना होगा, जो गैर-हिंदू बनने वाले हैं। धर्मांतरण रोकने का यही एकमात्र तरीका है।