अपडेटेड 22 November 2025 at 17:21 IST

G20 Summit South Africa: ग्लोबल हेल्थकेयर, ड्रग ट्रैफिकिंग के खिलाफ एकजुटता का आह्वान; PM Modi ने G20 के पहले सत्र में रखे ये अहम प्रस्ताव

PM Modi in G20 Summit 2025 : पीएम मोदी ने कहा, "मुझे इस बात पर गर्व है कि भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान ही अफ्रीकी संघ G20 का स्थायी सदस्य बना। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए, भारत G20-अफ्रीका कौशल गुणक पहल का प्रस्ताव रखता है। हमारा सामूहिक लक्ष्य अगले दशक के भीतर अफ्रीका में 10 लाख प्रमाणित प्रशिक्षक तैयार करना होना चाहिए।"

PM Modi in G20 Summit
साउथ अफ्रीका में जी20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | Image: Randhir Jaiswal/X

PM Modi in G20 Summit 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साउथ अफ्रीका के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वे वहां के प्रेसिडेंट सिरिल रामफोसा के बुलावे पर G20 लीडर्स समिट में शामिल होने के लिए जोहान्सबर्ग गए हुए हैं। साउथ अफ्रीका की मेजबानी में भारत के अलावा इस वैश्विक सम्मेलन में इटली, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्राजील समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित 20वें G20 लीडर्स समिट के पहले सत्र को संबोधित किया। उन्होंने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी दी है। इस सत्र में पीएम मोदी ने भारत की ओर से कई बड़े प्रस्ताव रखें, जो विश्व के लिए काफी महत्वपूर्ण और सहायक भी है।  

सतत विकास पर ध्यान केंद्रित का सही समय - पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा, "दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के पहले सत्र में संबोधित किया, जो समावेशी और सतत विकास पर केंद्रित था।"

उन्होंने आगे लिखा, "अफ्रीका द्वारा पहली बार जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के साथ, अब हमारे लिए अपने विकास मानदंडों पर पुनर्विचार करने और समावेशी एवं सतत विकास पर ध्यान केंद्रित करने का सही समय है। भारत के सभ्यतागत मूल्य, विशेष रूप से एकात्म मानववाद का सिद्धांत, आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करता है।"

Advertisement

अफ्रीका की प्रगति वैश्विक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण- पीएम 

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया, "मैंने सर्वांगीण विकास के हमारे सपने को साकार करने के लिए कुछ कार्ययोजनाएं प्रस्तावित कीं। उनमें से पहला है G20 वैश्विक पारंपरिक ज्ञान भंडार का निर्माण (G20 Global Traditional Knowledge Repository)। इस संबंध में भारत का इतिहास समृद्ध है। इससे हमें अपने सामूहिक ज्ञान को बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।"

उन्होंने आगे बताया, "अफ्रीका की प्रगति वैश्विक प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत हमेशा अफ्रीका के साथ एकजुटता में खड़ा रहा है। मुझे इस बात पर गर्व है कि भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान ही अफ्रीकी संघ G20 का स्थायी सदस्य बना। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए, भारत G20-अफ्रीका कौशल गुणक पहल का प्रस्ताव रखता है। हमारा सामूहिक लक्ष्य अगले दशक के भीतर अफ्रीका में 10 लाख प्रमाणित प्रशिक्षक तैयार करना होना चाहिए।"

Advertisement

ग्लोबल स्वास्थ्य सेवा रिस्पॉन्स टीम गठन का प्रस्ताव  

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत एक G20 वैश्विक स्वास्थ्य सेवा प्रतिक्रिया दल (G20 Global Healthcare Response Team) के गठन का प्रस्ताव रखता है। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के समय जब हम मिलकर काम करते हैं, तो हमारी स्थिति और भी मजबूत होती है। हमारा प्रयास G20 के अन्य देशों के प्रशिक्षित चिकित्सा विशेषज्ञों की टीमें बनाना होना चाहिए जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत तैनाती के लिए तैयार रहें।"

ड्रग ट्रैफिकिंग का मुकाबला करने के लिए प्रस्ताव 

पीएम मोदी ने कहा, "मादक पदार्थों की तस्करी (drug trafficking), खासकर फेंटेनाइल जैसे बेहद खतरनाक पदार्थों के प्रसार की चुनौती से निपटने के लिए, भारत ने मादक पदार्थों-आतंकवाद (Drug–Terror Nexus) के गठजोड़ का मुकाबला करने के लिए जी-20 पहल का प्रस्ताव रखा है। आइए, हम इस बदहाल मादक पदार्थ-आतंकवादी अर्थव्यवस्था को कमजोर करें!"

ये भी पढ़ें - PM Modi South Africa Visit: प्रधानमंत्री मोदी का जोहान्सबर्ग एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, G20 लीडर्स समिट में करेंगे शिरकत

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 22 November 2025 at 17:21 IST