अपडेटेड 28 December 2025 at 13:58 IST
Mann ki Baat: ऑपरेशन सिंदूर से टीम इंडिया की जीत तक... 'मन की बात' में PM मोदी ने 2025 में देश की इन बड़ी उपलब्धियों का किया जिक्र
Mann Ki Baat: 2025 की आखिरी 'मन की बात' में पीएम मोदी ने इस साल देश की तमाम उपलब्धियों का जिक्र किया, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर से लेकर महाकुंभ शामिल रहा।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

PM Modi Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए आज, 28 दिसंबर को देश को संबोधित किया। इस दौरान वो तमाम मुद्दों पर अपने विचार लोगों के साथ साझा करते नजर आए। पीएम मोदी ने संबोधन के दौरान 2025 में देश की तमाम उपलब्धियों का जिक्र किया, जिसमें महाकुंभ से लेकर ऑपरेशन सिंदूर शामिल रहा।
2025 ने ऐसे पल दिए, जिस पर हर भारतीय को गर्व- PM मोदी
पीएम मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का ये 129वां एपसिोड रहा। PM मोदी ने कहा कि कुछ ही दिनों में साल 2026 दस्तक देने वाला है। आज जब मैं आपसे बात कर रहा हूं, तब मन में पूरे एक साल की यादें घूम रही हैं। कई तस्वीरें, कई चर्चाएं, कई उपलब्धियां, जिन्होंने देश को एक साथ जोड़ दिया। 2025 ने हमें ऐसे कई पल दिए, जिन पर हर भारतीय को गर्व हुआ।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर दुनिया के बड़े मंचों तक भारत ने हर जगह अपनी मजबूत छाप छोड़ी है। इस साल ऑपरेशन सिंदूर हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया। दुनिया ने साफ देखा आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश के कोने-कोने से मां भारती के प्रति प्रेम और समर्पण की तस्वीरें सामने आई। लोगों ने अपने-अपने तरीके से भाव व्यक्त किए। यही जज्बा तब भी देखने मिला, जब वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे हुए।
'2025 खेल के लिहाज से भी एक यादगार साल रहा'
'मन की बात' में पीएम मोदी ने खेल जगत की तमाम उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2025 खेल के लिहाज से भी एक यादगार साल रहा। हमारी पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया। भारत की बेटियों ने वुमेंस ब्लाइंड टी20 को जीतकर इतिहास रच दिया। एशिया कप टी20 में भी तिरंगा शान से लहराया। पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर ये साबित किया कि कोई बाधा हौसलों को नहीं रोक सकती।
Advertisement
PM मोदी ने कहा कि विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत ने बड़ी छलांग लगाई। शुभांशु शुक्ला पहली भारतीय बने जो इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक पहुंचे। पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े कई प्रयास भी 2025 की पहचान बने। भारत में चीतों की संख्या 30 से ज्यादा हो गई है।
महाकुंभ, राम मंदिर ध्वजारोहण का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2025 में आस्था, संस्कृति और भारत की अद्वितीय विरासत सब एक साथ दिखाई दिए। साल की शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन ने पूरी दुनिया को चकित किया। साल के अंत में अयोध्या के राम मंदिर में ध्वजारोहण के कार्यक्रम ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया। स्वदेशी को लेकर भी लोगों का उत्साह खूब दिखाई दिया। लोग वही सामान खरीद रहे हैं जिसमें किसी भारतीय का पसीना लगा है, जिसमें भारत की मिट्टी की सुगंध है। आज हम गर्व से कह सकते हैं 2025 ने भारत को और अधिक आत्मविश्वास दिया है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि ये बात भी सही है इस वर्ष प्राकृतिक आपदाएं हमें झेलनी पड़ी। अब देश 2026 में नई उम्मीदों, नई संकल्पों के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 28 December 2025 at 11:42 IST