Mann Ki Baat: 'हर पीड़ित का दर्द हम सबका दर्द...' बाढ़-बारिश से हुए नुकसान को लेकर बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने मन की बात के 125वें एपिसोड में देश भर में बाढ़ और बारिश से बिगड़े हालातों पर बात की, साथ ही लोकल फॉर वोकल पर जोर दिया और स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल की अपील की।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 125वें एपिसोड में देश भर में बाढ़ और बारिश से बिगड़े हालातों पर बात की, उन्होंने कहा कि, बाढ़-बारिश से बड़ा नुकसान हुआ, हर पीड़ित का दर्द हम सबका दर्द है। पीएम ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में लोकल फॉर वोकल पर भी जोर दिया। उन्होंने लोगों से स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल की अपील की और कहा कि गर्व से कहो कि ये स्वदेशी है। इस कार्यक्रम का प्रसारण ऐसे समय में हुआ जब देश अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ की समस्या का सामना कर रहा है।
प्राकृतिक आपदाओं पर दुख जताया
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए बड़े पैमाने पर जानमाल के नुकसान की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मॉनसून के इस मौसम में प्राकृतिक आपदाएं देश की कसौटी कर रही हैं। उन्होंने आपदा की इस घड़ी में NDRF, SDRF और स्थानीय एजेंसियों की तारीफ की और सेना के कामों की भी सराहना की।
लोकल फॉर वोकल पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि हमें स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल करना चाहिए और गर्व से कहना चाहिए कि ये स्वदेशी है। उन्होंने कहा कि एक मंत्र- वोकल फॉर लोकल, एक रास्ता-आत्मनिर्भर भारत और एक लक्ष्य-विकसित भारत है।
जम्मू-कश्मीर की उपलब्धियों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने पुलवामा के ऐतिहासिक आयोजन का जिक्र करते हुए बताया कि यहां के स्टेडियम में पहली बार डे-नाइट क्रिकेट मैच खेला गया। यह रॉयल प्रीमियर लीग का हिस्सा था, जिसमें हजारों दर्शक जुटे। मोदी ने कहा कि “पहले यह असंभव लगता था, लेकिन अब मेरा देश बदल रहा है। रात के समय पुलवामा के स्टेडियम में लोगों का क्रिकेट का आनंद लेना एक सुखद दृश्य था।”
Advertisement
डल झील पर खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स
पीएम मोदी ने श्रीनगर की डल झील पर आयोजित पहले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता को भी ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में पूरे भारत से 800 से ज्यादा एथलीट्स ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि महिला खिलाड़ियों की भागीदारी भी पुरुषों के लगभग बराबर रही। मोदी ने कहा कि 'डल झील जैसे खास स्थान पर ऐसा आयोजन होना न सिर्फ खेल को बढ़ावा देता है, बल्कि जम्मू-कश्मीर की मेेहमाननवाजी और आधुनिक सोच को भी दर्शाता है।'
पीएम मोदी ने प्रतिभा सेतु का जिक्र किया
पीएम मोदी ने अपने संबोधि में कहा कि हम सबने Civil Services के Toppers की प्रेरणादायी बातें अनेक बार सुनी हैं। हजारों ऐसे उम्मीदवार भी होते हैं, जो बेहद काबिल होते हैं, उनकी मेहनत भी किसी से कम नहीं होती, पर मामूली अंतर से वो अंतिम सूची तक नहीं पहुंच पाते। इन उम्मीदवारों को दूसरी परीक्षाओं के लिए नए सिरे से तैयारी करनी पड़ती है। इसमें उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता था। इसलिए अब ऐसे होनहार विद्यार्थियों के लिए भी एक digital platform बनाया गया है और इसका नाम है 'प्रतिभा सेतु'।