अपडेटेड 20 June 2025 at 16:21 IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के सीवान में जल, रेल और बिजली क्षेत्र सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी (Narendra Modi) ने बिहार के लिए अपने विजन को भी साझा किया साथ ही कांग्रेस और आजेडी को जमकर घेरा।
पीएम मोदी ने बिहार के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि मुझे पक्का विश्वास है कि बिहार मेड इन इंडिया का एक बड़ा सेंटर बनेगा। आरजेडी, कांग्रेस की करतूतें, कारनामे बिहार विरोधी, निवेश विरोधी हैं। जब भी अपने मुंह से ये लोग विकास की बात करते हैं तो लोगों को दुकान, कारोबार, उद्योग-धंधे, सब में ताले लटकते नजर आते हैं। ये बिहार के नौजवानों के दिल में कभी भी जगह नहीं पाएंगे। ये लोग बेहाल इंफ्रास्ट्रक्चर, माफियाराज,गुंडाराज और भ्रष्टाचार के पोषक रहे हैं।
अफ्रीका में भी बिहार की जय-जयकार होने वाली है- पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि बिहार का प्रतिभाशाली नौजवान आज जमीन पर होने वाला काम देख रहा है, उसे परख रहा है। NDA कैसा बिहार बना रही है, इसका उदाहरण मढ़ौरा रेल फैक्ट्री है, वहां से आज पहला इंजन अफ्रीका को एक्सपोर्ट किया जा रहा है। ये अफ्रीका जाएगा, वहां की गाड़ी को खीचेगा और अफ्रीका में भी बिहार की जय-जयकार होने वाली है। ये फैक्ट्री उसी सारण जिले में बनी है, जिसे 'पंजे' और आरजेडी वालों ने पिछड़ा कहकर अपने हाल पर छोड़ दिया था। जंगलराज वालों ने तो बिहार का विकास इंजन ही ठप्प कर दिया था।
बिहार में पीएम आवास योजना से 57 लाख से ज्यादा पक्के घर बने- पीएम मोदी
बिहार में पीएम आवास योजना से 57 लाख से ज्यादा पक्के घर बने हैं। यहां सिवान जिले में भी गरीबों के 1.10 लाख से ज्यादा पक्के घर बन चुके हैं और ये काम निरंतर जारी है। आज भी बिहार के 50 हजार से अधिक परिवारों के लिए घर की किस्त जारी की गई है। ये घर ज्यादातर माताओं-बहनों के नाम पर हैं।
बीते एक दशक में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर मिल चुके हैं। ये सिर्फ चार दीवारें नहीं हैं, उन घरों में सपने सजते हैं, उन घरों में संकल्प पलते हैं। आने वाले समय में 3 करोड़ पक्के घर और तैयार होने जा रहे हैं। सेवा के काम में मैं रुकने वाला नहीं हूं। मोदी चैन की नींद नहीं सोएगा, वो दिनरात काम करता रहेगा, आपके लिए करता रहेगा।
पब्लिश्ड 20 June 2025 at 16:21 IST