अपडेटेड 11 December 2025 at 14:56 IST
Year Ender 2025: भगवान गणेश का मोदक और साउथ की इडली... इस साल देश में लोगों ने किन व्यंजनों को सबसे ज्यादा किया सर्च, Top 10 List
गूगल ट्रेंड्स के अनुसार 2025 में भारतीयों ने खाने के शौक में भी अपनी संस्कृति और स्वाद को प्राथमिकता दी। मोदक, इडली, छोले भटूरे से लेकर डोसा तक, ये रहे टॉप 10 सबसे ज़्यादा सर्च किए गए देसी फूड आइटम्स।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

साल 2025 अब खत्म होने को है और हर बार की तरह इस बार भी लोगों की गूगल सर्च ट्रेंड्स ने ये साफ कर दिया कि भारत में खाने के प्रति प्यार कभी कम नहीं होता। इस साल भी देश-दुनिया में कुछ ऐसे पारंपरिक और दिलचस्प फूड आइटम्स सबसे ज्यादा सर्च किए गए, जिन्हें देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे। ये लिस्ट बताती है कि लोग अब सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सेहत को भी समझना और अपनाना चाहते हैं। तो आइये जानते हैं 2025 में सबसे ज्यादा सर्च की गई खाने की चीजों के बारे में-
इडली (Idli)
साल 2025 में इडली ने एक बार फिर अपने साधारण लेकिन हेल्दी स्वाद से दिल जीत लिया। हल्की, पचने में आसान और ब्रेकफास्ट के लिए परफेक्ट इस दक्षिण भारतीय डिश को पूरे देश में खूब सर्च किया गया। लोग खासतौर पर इंस्टेंट इडली, ओट्स इडली और रवा इडली रेसिपी ढूंढते नजर आए।
मोदक / उकडीचे मोदक (Modak / Ukadiche Modak)
गणेश चतुर्थी से पहले और बाद में ‘उकडीचे मोदक’ की धूम रही है। लोग इसकी असली पारंपरिक रेसिपी, खासकर स्टीम्ड मोदक, नारियल-जगरी वाली फिलिंग और परफेक्ट आकार देने के टिप्स सबसे ज्यादा सर्च करते रहे हैं।
ठेकुआ (Thekua)
बिहार और झारखंड में लोकप्रिय ये पारंपरिक मिठाई देशभर में ट्रेंड करने लगी। छठ पूजा के समय इसकी सर्च अचानक बढ़ी, क्योंकि लोग इसे कुरकुरा, हल्का मीठा और लंबे समय तक खराब न होने वाली मिठाई के रूप में पसंद कर रहे थे।
Advertisement
बीटरूट कंजी (Beetroot Kanji)
सर्दियों में इम्युनिटी बढ़ाने वाली ये प्रोबायोटिक ड्रिंक 2025 में खूब लोकप्रिय रही है। लोग इसकी हेल्थ बेनिफिट्स, किण्वित (fermented) कंजी बनाने की विधि और इसके रोजाना सेवन से होने वाले फायदे जानने में बेहद उत्सुक रहे हैं।
तिरुवातिरा कली (Thiruvathirai Kali)
केरल की ये पारंपरिक डिश तिरुवातिरा त्योहार पर बनाई जाती है। रवा, गुड़ और नारियल से बनती इस मिठाई को लेकर लोगों की दिलचस्पी इस साल काफी बढ़ी। कई लोगों ने पहली बार ये रेसिपी सर्च की, जिससे यह 2025 की टॉप सर्च फूड लिस्ट में शामिल हो गई।
Advertisement
यॉर्कशायर पुडिंग (Yorkshire Pudding)
विदेशी व्यंजनों में सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली डिश में यॉर्कशायर पुडिंग शामिल रही है। यह इंग्लैंड की क्लासिक बेक्ड डिश है। लोग खासतौर पर इसकी क्रिस्पी बनावट और रोस्ट डिनर के साथ परोसने के तरीके सीखने के लिए इसे लगातार सर्च करते रहे।
उगादी पचड़ी (Ugadi Pachadi)
दक्षिण भारत के नए साल ‘उगादी’ पर बनने वाली ये खास डिश इस साल चर्चा में रही है। इसमें स्वाद के छह फ्लेवर होते हैं जैसे मीठा, खट्टा, कड़वा, नमकीन, तीखा और कसैला, जो जीवन के छह अनुभवों का प्रतीक है। लोगों ने इसकी रेसिपी और इसके महत्व को खूब सर्च किया।
गोंद कतिरा (Gond Katira)
गर्मी और सेहत दोनों के लिए कारगर ‘गोंद कतिरा’ इस साल खूब ट्रेंड में रहा है। लोगों ने इसे गर्मियों की ड्रिंक, शिकंजी और फालूदा में इस्तेमाल करने के तरीके, इसके फायदे और वजन कम करने में इसकी भूमिका को लेकर खूब जानकारी खोजी है।
कोलुकट्टई (Kozhukattai / Kolukattai)
तमिलनाडु की मोदक जैसी यह डिश भी 2025 में सबसे ज्यादा सर्च की गई। गणेश चतुर्थी, वरलक्ष्मी व्रत और अन्य त्योहारों में लोग इसकी पारंपरिक रेसिपी, स्टफिंग और स्टीमिंग तकनीक जानने में दिलचस्पी लेते रहे।
2025 की ये फूड सर्च लिस्ट बताती है कि लोग अब सिर्फ नए-नए स्वाद ही नहीं, बल्कि भारतीय परंपराओं, त्योहारों से जुड़े व्यंजनों और घर पर बनने वाली हेल्दी डिशेज को भी खूब पसंद कर रहे हैं। हर डिश में संस्कृति की एक झलक और सेहत का एक संदेश छिपा है और शायद यही वजह है कि ये पूरे साल ट्रेंड में रहीं हैं।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 11 December 2025 at 14:56 IST