Smashed Cucumber Salad: चरम गर्मी में तन-मन को ठंडा रखने के लिए 'स्मैश्ड कुकुंबर सलाद' बनाएं, खाने का बढ़ जाएगा टेस्ट, जानिए रेसिपी

गर्मी भरे मौसम में अंदर से कूल-कूल रहने के लिए आप टेस्टी स्मैश्ड कुकुंबर योगर्ट सलाद खा सकते हैं। जो आपके पेट को ठंडा रखेगा और खाने का स्वाद भी बढाएगा। जानें स्टेप बाय स्टेप कैसे बनाना है। पूरी रेसिपी पढ़ें।

Smashed Cucumber Salad
स्मैश्ड कुकुंबर सलाद | Image: Freepik

Smashed Cucumber Salad Recipe: भारतीय खानपान में गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। अमूमन हर घर में दोपहर के भोजन के साथ सादा कटा हुआ खीरा या बुनियादी कचुंबर सलाद परोसा जाता है। हालांकि, रोज एक ही तरह का सलाद खाकर लोग ऊब जाते हैं। ऐसे में भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए एक बेहद रिफ्रेशिंग और स्वास्थ्यवर्धक ऑप्शन हम आपको बताने जा रहे हैं। जिसे 'स्मैश्ड कुकुंबर योगर्ट सलाद' नाम दिया गया है।  

यह व्यंजन आपके पाचन तंत्र को सुचारू रखने में सहायक है, साथ ही इसका अलग स्वाद पारंपरिक सलाद से भी काफी अलग है। खीरे की प्राकृतिक ताजगी, गाढ़ी क्रीमी दही और तीखे चिली-गार्लिक ऑयल का तड़का इसे एक प्रीमियम डिश का रूप देता है।

सलाद को खास बनाती है बेलन की 'स्मैश' ट्रिक

इस सलाद में खासतौर पर खीरे को काटने के बजाय उसे 'स्मैश' यानी क्रश करना है। जब खीरे को बेलन या किसी भारी वस्तु से हल्का दबाकर तोड़ा जाता है, तो उसकी अंदरूनी सतह असमान हो जाती है। कुकिंग तकनीकों के मुताबिक, इस तरह क्रश किए गए खीरे मसालों, कसुंदी (मस्टर्ड सॉस) और दही के फ्लेवर को गहराई से सोख लेते हैं, जो सामान्य रूप से कटे हुए चिकने खीरे में संभव नहीं हो पाता।

स्मैश्ड कुकुंबर योगर्ट सलाद के लिए क्या-क्या चाहिए?

4 खीरे 
1 कप गाढ़ी दही (कर्ड)  
ड्रेसिंग के लिए 2 बड़े चम्मच कसुंदी या मस्टर्ड सॉस
नींबू का रस, 
2 बड़े चम्मच ऑलिव ऑयल 
थोड़ा कटा हुआ स्प्रिंग अनियन (हरा प्याज)
1 छोटा चम्मच नमक  
तड़के और सीजनिंग के लिए 2 बड़े चम्मच तेल
2 छोटे चम्मच बारीक कटा लहसुन
1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
आधा छोटा चम्मच काला नमक
1 छोटा चम्मच भुना जीरा और बारीक कटा हरा धनिया

Advertisement

स्टेप बाय स्टेप ऐसे बनाएं (Step-by-Step Method)

स्टेप 1: सबसे पहले खीरों को धोकर साफ कर लें। अब एक बेलन की मदद से इन्हें हल्का दबाते हुए क्रश करें। ध्यान रखें कि इसका पेस्ट नहीं बनाना है, सिर्फ छोटे और चंकी टुकड़ों में तोड़ना है। इसके बाद इसमें नमक मिलाकर थोड़ी देर रख दें और एक्स्ट्रा पानी को निचोड़कर अलग कर दें।  
स्टेप 2: एक अलग बर्तन में कसुंदी, नींबू का रस, ऑलिव ऑयल और कटा हुआ स्प्रिंग अनियन मिलाकर एक सार ड्रेसिंग तैयार करें। इस मिश्रण को अलग रखे हुए खीरों में अच्छी तरह मिला दें।
स्टेप 3: अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें और लास्ट में चिली फ्लेक्स डालें। 
इस गर्मागर्म गार्लिक-चिली ऑयल को ठंडे गाढ़े दही में पलट दें। साथ ही काला नमक, भुना जीरा और धनिया पत्ती डालकर अच्छी तरह फेंट लें। 
स्टेप 4: परोसने के लिए सबसे पहले सर्विंग प्लेट पर तैयार दही के मिश्रण को फैलाएं। अब इसके ऊपर मस्टर्ड ड्रेसिंग वाले खीरे को सजा दें। बस आपका स्वादिष्ट और ठंडा सलाद तैयार है।

क्यों खास है ये स्पेशल रेसिपी 

खीरे में कैलोरी की मात्रा काफी कम और पानी की मात्रा लगभग 95% होती है, जो डिहाइड्रेशन से बचाती है। वहीं दूसरी ओर, दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स गर्मियों में आंतों के स्वास्थ्य (Gut Health) को दुरुस्त रखते हैं। अगर आप दाल-चावल, पराठा या किसी भी भारी भोजन के साथ एक संतुलित, हल्का और रिफ्रेशिंग साइड डिश शामिल करना चाहते हैं, तो यह शेफ-स्पेशल रेसिपी एक बेस्ट ऑपशन साबित हो सकता है। 

Advertisement

यह भी पढ़ें: PM मोदी और शाह को गद्दार कहने पर भड़की BJP, कहा- ये मोहब्बत की दुकान...

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड