Navratri Appe Recipe: नवरात्रि व्रत में झटपट बनाएं सामक के अप्पे, स्वाद ऐसा कि पूरे 9 दिन यही खाना चाहेंगे!
Navratri Special Recipe: नवरात्रि व्रत में कुछ नया बनाना और परिवार को खिलाना चाहते हैं, तो हैवी खाने को स्किप करके आप सामक के टेस्टी अप्पे घर पर ही बना सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

Samak Ke Appe Recipe: नवरात्रि के पावन दिनों में हमारे भारतीय घरों में फलाहार का अपना ही एक अलग स्वाद और महत्व होता है। नौ दिनों के व्रत में अक्सर हम कुट्टू की पूरी, साबूदाने की खिचड़ी या आलू खाकर बोर हो जाते हैं। ऐसे में अगर आप कुछ हल्का, कम तेल वाला और बेहद स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो सामक के अप्पे आपके लिए एकदम परफेक्ट रेसिपी है।
यह पारंपरिक फलाहारी व्यंजन बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद नरम होता है। बता दें कि इसे बनाना बहुत ही आसान है। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि-
सामक के अप्पे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- 1 कप सामक के चावल या सामक का आटा
- दही आधा कप
- सेंधा नमक स्वादानुसार
- 1-2 हरी मिर्च
- हरा धनिया
- आधा चम्मच जीरा
- आधा इंच टुकड़ा अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
- घी
सामक के अप्पे बनाने की आसान विधि
- अगर आप सामक के चावल का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उन्हें धोकर 2 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी निकालकर चावलों को मिक्सर में थोड़े से दही के साथ पीस लें और एक स्मूद पेस्ट बना लें।
- अगर आप सामक का आटा ले रहे हैं, तो उसमें सीधे दही और थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें, जैसे इडली का होता है।
- तैयार बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह अच्छे से फूल जाए और सेट हो जाए।
- अब इस बैटर में सेंधा नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, जीरा और ढेर सारा हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- गैस पर अप्पे पैन रखें और उसके हर सांचे खाने में थोड़ा-थोड़ा घी या तेल लगाकर उसे चिकना कर लें। गैस की आंच को मध्यम रखें।
- अगर आप ईनो या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अप्पे बनाने से ठीक पहले उसे बैटर में डालकर हल्के हाथ से मिला लें। अब एक चम्मच की मदद से बैटर को अप्पे पैन के हर सांचे में भर दें।
- पैन को ढक दें और अप्पे को 3 से 4 मिनट तक धीमी-मध्यम आंच पर पकने दें। जब ये नीचे से सुनहरे हो जाएं, तो इन्हें सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी 2-3 मिनट तक बिना ढके सेंक लें ताकि ये अच्छे से क्रिस्पी हो जाएं।
- लीजिये आपके गरमागरम, क्रिस्पी और टेस्टी सामक के अप्पे खाने के लिए तैयार हैं।
- इन अप्पों का असली मजा व्रत वाली हरी चटनी या मूंगफली की चटनी के साथ आता है।