अपडेटेड 9 February 2026 at 18:25 IST
Moongfali Nariyal Chutney: घर पर बनाएं साउथ इंडियन स्टाइल मूंगफली और नारियल की चटनी, डोसा-इडली के अलावा इन फूड्स के साथ लें मजा
Peanut And Coconut Recipe: अगर आप झटपट कुछ नया और टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो यह मूंगफली और नारियल की चटनी जरूर ट्राय कर सकते हैं। इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएगा।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

Moongfali Nariyal Ki Chutney Banane Ki Vidhi: अगर रोज-रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो गए हैं, तो आज ट्राय करें साउथ इंडियन स्टाइल मूंगफली और नारियल की चटनी। यह चटनी डोसा, इडली, उत्तपम के साथ तो शानदार लगती ही है, साथ ही पराठा, सैंडविच और साधारण रोटी-चावल के साथ भी खाने का स्वाद बढ़ा देती है। इसे बनाना बहुत आसान है और इसमें लगने वाली सारी चीजें आसानी से घर पर मिल जाती हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान रेसिपी-
चटनी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- 1/2 कप मूंगफली
- 1/2 कप ताजा कद्दूकस किया नारियल
- 1 से 2 हरी मिर्च
- 2 से 3 कलियां लहसुन
- छोटा सा टुकड़ा इमली
- स्वादानुसार नमक
- पानी
चटनी के तड़के के लिए:
- 1 छोटी चम्मच तेल
- 1/2 छोटी चम्मच राई
- 1 सूखी लाल मिर्च
- 6 से 8 करी पत्ता
नारियल- मूंगफली की चटनी बनाने की विधि
- सबसे पहले मूंगफली को धीमी आंच पर हल्का सा भून लें, जब तक उसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए।
- अब गैस बंद करके मूंगफली को ठंडा होने दें और फिर उसके छिलके निकाल लें।
- मिक्सी के जार में भुनी हुई मूंगफली, नारियल, हरी मिर्च, लहसुन, इमली और नमक डालें।
- अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसे बारीक पीस लें।
- ध्यान रहे कि चटनी ज्यादा पतली या ज्यादा गाढ़ी न रखें, मध्यम कंसिस्टेंसी बेहतर रहती है।
- अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई डालें, जब राई चटकने लगे तो सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालकर हल्का सा भून लें।
- इस तड़के को तैयार चटनी के ऊपर डाल दें और अच्छी तरह मिला लें।
- लीजिये आपकी स्वादिष्ट मूंगफली-नारियल की चटनी तैयार है।
इस चटनी को आप इडली, डोसा, उत्तपम, वड़ा के साथ परोस सकते हैं। इसके अलावा इसे पराठा, सैंडविच, पकौड़े या साधारण दाल-चावल के साथ भी खाया जा सकता है। यह हर साधारण खाने को भी खास बना देती है।
मूंगफली में प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जबकि नारियल सेहतमंद फैट और एनर्जी देता है। यह चटनी स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है।
Advertisement
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 9 February 2026 at 18:25 IST