अपडेटेड 5 February 2026 at 14:47 IST
Vada Pav Recipe: घर पर बनाएं मुंबई जैसा चटपटा वड़ा पाव, आसान रेसिपी से मिनटों में होगा तैयार
Vada Pav Recipe: अगर आप वड़ा पाव के शौकीन हैं, तो इसे घर पर ही बना सकते हैं। आइए आपको बताते हैं इसे तैयार करने की मिनटों में बनाने वाली रेसिपी के बारे में...
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Vada Pav Recipe: मुंबई का वड़ा पाव सिर्फ एक स्ट्रीट फूड नहीं बल्कि लोगों की पसंद और शहर की खास पहचान है। तीखी चटनी, गरमागरम आलू वड़ा और नरम पाव के कॉम्बिनेशन के साथ इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है। अगर आप मुंबई से दूर रहते हैं और इस मशहूर वड़ा पाव का स्वाद मिस कर रहे हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप इसे बेहद आसान तरीके से घर पर भी तैयार कर सकते हैं। यहां हम आपको मुंबई के फेमस वड़ा पाव की आसान और झटपट बनाने की रेसिपी बता रहे हैं।
वड़ा पाव बनाने के लिए जरूरी सामग्री
वड़ा पाव का स्वाद उसके मसाले और आलू का मिक्चर पर निर्भर करता है। इसके लिए तेल, हींग, सरसों के दाने, सौंफ, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट, उबले आलू, हल्दी पाउडर, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हरी धनिया और नींबू का रस की जरूरत होती है। इसके अलावा खास वड़ा पाव मसाला तैयार करने के लिए लहसुन की कलियां, साबुत लाल मिर्च, सफेद तिल, कद्दूकस किया हुआ नारियल, इमली, नमक, बेसन, सोडा और हरी मिर्च की जरूरत होती है।
कैसे तैयार करें आलू का मसाला
सबसे पहले एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें हींग, सरसों के दाने और सौंफ डालकर तड़काएं। अब इसमें बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट डालें। अब मैश किए हुए उबले हुए आलू डालकर अच्छे से मिला लें। इसमें नमक, हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मसाले को अच्छी तरह भून लें। गैस बंद करने के बाद ऊपर से नींबू का रस मिलाएं और मसाले को ठंडा होने दें।
वड़ा पाव का स्पेशल मसाला बनाने का तरीका
- एक पैन में थोड़ा सा तेल डालें और इसमें लहसुन की कलियां और साबुत लाल मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद सफेद तिल और कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें।
- हल्का भुनने के बाद इसमें इमली और नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें। इस मिक्चर को ठंडा करके पीस लें, जिससे वड़ा पाव का खास मसाला तैयार हो जाएगा।
- एक बाउल में बेसन, नमक, लाल मिर्च पाउडर और सोडा डालकर पानी की मदद से गाढ़ा घोल तैयार कर लें। अब आलू के मसाले से गोल-गोल बॉल बना लें। इन्हें बेसन के घोल में डुबोकर गर्म तेल में डालें और सुनहरा होने तक तल लें। इसी तरह सभी वड़े तैयार कर लें।
- पाव को बीच से काटें और उसमें तैयार किए गए मसाले को फैलाएं। इसके बाद हरी चटनी लगाएं और बीच में गरमागरम वड़ा रखें। चाहें तो ऊपर से सूखी लहसुन चटनी भी डाल सकते हैं। इसे हरी मिर्च या चटनी के साथ सर्व करें।
Advertisement
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 5 February 2026 at 14:47 IST