Lauki Rabdi Recipe: मुंह में पानी ला देगी स्वाद और सेहत से भरपूर लौकी की रबड़ी, जानें इसे बनाने की आसान रेसिपी
लौकी की रबड़ी एक ऐसा मीठा व्यंजन है जो स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखता है। इसे किसी भी त्यौहार, पार्टी या फिर घर के मीठे के रूप में बना सकते हैं।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

त्योहारों का सिलसिला शुरू हो चुका है और इन दिनों हम सबसे ज्यादा मीठा खाना पसंद करते हैं। वहीं हेल्दी रहना भी उतना ही जरूरी होता है। इसके लिए लौकी एक ऐसी सब्जी है जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती है, लेकिन कई लोगों को इसका स्वाद पसंद नहीं आता है।
अगर आप भी उन लोगों में से हैं, तो अब लौकी से बनी रबड़ी जरूर ट्राई कर सकते हैं। यह स्वाद में इतनी लाजवाब होती है कि खाने वाला बार-बार मांगेगा। साथ ही यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है क्योंकि इसमें दूध, ड्राई फ्रूट्स और लौकी का पौष्टिक मेल होता है। आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट लौकी की रबड़ी बनाने की आसान रेसिपी।
लौकी रबड़ी बनाने के लिए सामग्री
- 1 मध्यम आकार की लौकी (कद्दूकस की हुई)
- 1 लीटर फुल क्रीम दूध
- 3-4 चम्मच चीनी
- 3-4 इलायची
- 7-8 बादाम (बारीक कटे हुए)
- 7-8 पिस्ता (बारीक कटे हुए)
- 1 चम्मच घी
- केसर के कुछ धागे
लौकी रबड़ी बनाने की विधि:
- सबसे पहले लौकी को धोकर छील लें और बीज निकाल दें। फिर उसे कद्दूकस कर लें।
- एक पैन में 1 चम्मच घी डालकर कद्दूकस की हुई लौकी को 4–5 मिनट तक हल्का भून लें। इससे उसका कच्चापन निकल जाएगा।
- अब एक गहरे बर्तन में दूध को उबालने रखें। जब दूध आधा रह जाए, तो उसमें भुनी हुई लौकी डाल दें।
- धीमी आंच पर इसे चलाते रहें ताकि दूध नीचे ना लगे। धीरे-धीरे लौकी और दूध मिलकर गाढ़ा मिश्रण बन जाएगा।
- अब इसमें चीनी, इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम-पिस्ता और अगर चाहें तो केसर डालें।
- इसे 5-10 मिनट और पकाएं जब तक कि रबड़ी क्रीमी और रिच न हो जाए।
- गैस बंद कर दें और रबड़ी को ठंडा होने दें।
- आप चाहें तो इसे गरम या ठंडी दोनों तरह से परोस सकते हैं।
अन्य टिप्स:
- अगर आप हेल्दी वर्जन बनाना चाहते हैं, तो चीनी की जगह गुड़ डाल सकते हैं।
- दूध को जितना ज्यादा पकाएंगे, रबड़ी उतनी ही गाढ़ी और स्वादिष्ट बनेगी।