अपडेटेड 3 February 2026 at 13:11 IST
Lauki ki Barfi Recipe: मावे वाली मिठाइयों से हटकर घर पर ही बनाएं कुछ खास, आसान स्टेप्स में बनाएं लौकी की बर्फी
Lauki ki Barfi Recipe: मावे वाली मिठाइयों से हटकर अगर आप कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो लौकी की बर्फी आपके लिए बेहतर ऑप्शन साबित हो सकती है। आइए आपको बताते हैं कि इसे कैसे आप बना सकते हैं।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Lauki ki Barfi Recipe: भारतीय त्योहारों और खास मौकों पर मिठाइयों का खास महत्व होता है। आमतौर पर लोग मावे या बेसन से बनी मिठाइयां पसंद करते हैं, लेकिन अगर आप इस बार कुछ अलग और थोड़ा हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो लौकी की बर्फी एक सबसे बेस्ट ऑप्शन होता है। लौकी की बर्फी पारंपरिक मिठाइयों से अलग होती है। इसमें लौकी का इस्तेमाल होने की वजह से यह हल्की और पचने में आसान होती है। मावा और देसी घी के साथ मिलकर लौकी एक ऐसा स्वाद देती है, जो बिल्कुल हलवाई जैसी मिठाई का एहसास कराती है। यही वजह है कि यह मिठाई त्योहारों के साथ-साथ खास मेहमानों के लिए भी परोसी जा सकती है। इसे घीया की बर्फी भी कहा जाता है, जिसका हल्का हरा रंग और मखमली स्वाद हर किसी को पसंद आता है।
लौकी की बर्फी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- एक किलो ताजी लौकी
- 200 से 250 ग्राम चीनी स्वादानुसार
- 250 ग्राम खोया मैश किया हुआ
- तीन से चार बड़े चम्मच देसी घी
- एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- बारीक कटे मेवे जैसे बादाम, पिस्ता और काजू सजावट के लिए
हलवाई जैसी लौकी की बर्फी बनाने का तरीका
- सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर उसका छिलका उतार लें और बीज वाला हिस्सा निकाल दें। इसके बाद लौकी को कद्दूकस करें और हाथों से दबाकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल लें।
- एक भारी तले की कढ़ाई में दो बड़े चम्मच घी गर्म करें और उसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालकर मध्यम आंच पर पांच से सात मिनट तक भूनें। जब लौकी नरम हो जाए और कच्चापन खत्म हो जाए, तो इसे ढककर धीमी आंच पर दो से तीन मिनट तक पकाएं।
- अब इसमें चीनी डालें। चीनी डालते ही लौकी दोबारा पानी छोड़ेगी। इसे तब तक पकाएं जब तक पूरा मिश्रण गाढ़ा न हो जाए और सारा पानी सूख न जाए।
- इसके बाद इसमें मैश किया हुआ खोया और बचा हुआ घी डालें और लगातार चलाते हुए भूनें। जब मिश्रण कढ़ाई के किनारे छोड़ने लगे, तब समझ लें कि यह जमने के लिए तैयार है।
- अब इसमें इलायची पाउडर मिलाएं। अगर आप हलवाई जैसी रंगत चाहते हैं, तो इस समय एक चुटकी हरा फूड कलर भी मिला सकते हैं। अच्छी तरह मिलाकर आंच बंद कर दें।
- एक थाली या ट्रे को हल्का सा घी लगाकर चिकना करें और तैयार मिश्रण को उसमें डालकर समान रूप से फैला दें। ऊपर से कटे हुए मेवे डालकर हल्का दबा दें।
- इसे दो से तीन घंटे के लिए सेट होने दें। पूरी तरह जमने के बाद चाकू से मनचाहे आकार में काट लें। आपकी स्वादिष्ट लौकी की बर्फी तैयार है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 3 February 2026 at 13:11 IST