Hotel Room Towel: होटल के बाथरूम में रखे हर तौलिये का है खास मतलब, इस्तेमाल का ये नियम जान लें; नहीं तो उड़ सकता है मजाक
Hotel Room Towel: लग्जरी होटल के बाथरूम में प्रवेश करते ही सफेद तौलियों का ढेर दिखाई देता है। अक्सर लोग इन्हें केवल सजावट या साधारण तौलिया समझकर किसी भी काम में इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन होटल मैनेजमेंट के नियमों के अनुसार, हर आकार के तौलिए का एक खास मतलब होता है। आइए जानते हैं।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Hotel Room Towel: अक्सर जब हम किसी अच्छे होटल में रुकते हैं, तो वहां के आलीशान कमरे और चमकता बाथरूम देखकर मन खुश हो जाता है। लेकिन बाथरूम में कदम रखते ही सफेद तौलियों का ढेर देखकर कई लोग उलझन में पड़ जाते हैं। वहां एक-दो नहीं, बल्कि अलग-अलग साइज के कई तौलिये रखे होते हैं। ज्यादातर लोग किसी भी तौलिये से हाथ पोंछ लेते हैं या नहाने के बाद छोटे तौलिये का इस्तेमाल करने लगते हैं। अगर आप भी होटल जाने के शौकीन हैं तो आपको इन बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं होटल के बाथरूम में रखे हर तौलिये का सही मतलब और उनके इस्तेमाल के नियम।
बाथ टॉवल
यह आकार में सबसे बड़ा तौलिया होता है। इसका मुख्य उद्देश्य नहाने के बाद पूरे शरीर को सुखाना है। होटल में आमतौर पर यह सबसे ऊपर या अलग रैक पर रखा होता है। इसे केवल शरीर सुखाने के लिए इस्तेमाल करें। इसे फर्श पर न डालें और न ही इससे चेहरा पोंछें।
हैंड टॉवल
बाथ टॉवल से थोड़ा छोटा और वॉश बेसिन के पास लटका हुआ तौलिया 'हैंड टॉवल' कहलाता है। इसका उपयोग हाथ धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए किया जाता है। खाना खाने से पहले या बाद में हाथ धोकर इसी का इस्तेमाल करें। इसे कभी भी पैरों या फर्श पर इस्तेमाल न करें।
फेस टॉवल या वॉश क्लॉथ
यह सबसे छोटे आकार का चौकोर तौलिया होता है। अक्सर इसे बास्केट में रोल करके या वॉश बेसिन के किनारे रखा जाता है। इसका इस्तेमाल चेहरा धोने या मेकअप हटाने के लिए किया जाता है। इसकी कोमलता चेहरे की त्वचा के हिसाब से होती है। इसे कभी भी शरीर के अन्य हिस्सों या गंदी सतहों को साफ करने के लिए इस्तेमाल न करें।
Advertisement
बाथ मैट
तौलिये जैसा ही लगता है लेकिन थोड़ा मोटा और सख्त होता है। इसे अक्सर बाथटब या शावर एरिया के ठीक बाहर फर्श पर रखा जाता है। कई लोग इसे गलती से शरीर पोंछने वाला तौलिया समझ लेते हैं, जो कि सबसे बड़ी गलती है। इसका काम आपके गीले पैरों को सोखना है। नहाकर बाहर निकलते समय पैर इसी पर रखें।
इस्तेमाल के बाद कहां रखें तौलिया?
अगर आप चाहते हैं कि आपका तौलिया बदला जाए, तो उसे फर्श पर या बाथटब के किनारे छोड़ दें। अगर आप तौलिये को रैक पर वापस टांग देते हैं, तो इसका मतलब है कि आप उसे दोबारा इस्तेमाल करना चाहते हैं और हाउसकीपिंग स्टाफ उसे नहीं बदलेगा।