Chutney Recipe: भुने टमाटर की चटपटी चटनी फटाफट बनाएं, स्मोकी फ्लेवर वाली रेसिपी खाने का स्वाद बढ़ा देगी
Roasted Tomato Chutney: आज हम आपको भुनी हुए टमाटर की चटनी की रेसिपी बताने जा रहे हैं। जो कुछ ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है, साथ ही ये सेहत के लिए भी काफी अच्छी होती है। बिना दाल-सब्जी मांगे रोटी के साथ ही इसे खाया जा सकता है।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Roasted Tomato Chutney: अक्सर ऐसा होता है कि रोजाना की दाल-सब्जी-रोटी से मन ऊब जाता है। ऐसे में कुछ चटपटा और झटपट बनने वाली रेसिपी चाहिए होती है जो स्वाद में लाजवाब हो और उस बनाने में ज्यादा समय भी खर्च न हो। आज हम ऐसी ही रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं भुने टमाटर की चटनी की, जो सिर्फ 2 मिनट में तैयार हो जाती है। यह चटनी न सिर्फ आसान है, बल्कि इसका स्मोकी फ्लेवर इसे आम चटनी से अलग बनाता है। इस चटनी को पारंपरिक देसी अंदाज में पेश किया जाता है।
यह चटनी पके टमाटरों को भूनकर बनाई जाती है, जिससे इसमें तीखा-खट्टा स्वाद आता है। खास बात ये है कि भूनने की प्रक्रिया से टमाटर का नेचुरल स्वाद बढ़ जाता है और यह पाचन के लिए भी फायदेमंद बन जाती है। अगर आपके पास समय कम है, तो यह रेसिपी आपके लिए अच्छा ऑप्शन है। इसमें कोई महंगी सामग्री नहीं लगती, बस किचन में मिलने वाली चीजों से ही इसे बनाया जा सकता है।
ये चटनी क्यों है इतनी स्पेशल
टमाटर को गैस पर भूनने से इसमें स्मोकी फ्लेवर मिल जाता है, जो इसका स्वाद 10 गुना बढ़ा देता है। ये सिर्फ 2 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है जिससे आपका समय बचता है। इसे रोटी, चावल, पराठे या स्नैक्स के साथ परोसा जा सकता है, वहीं ये सेहत के लिए भी काफी अच्छी है, क्योंकि टमाटर में विटामिन सी भरपूर होता है जो इम्यूनिटी बढ़ाता है।
भुनी टमाटर चटनी बनाने के लिए क्या क्या चाहिए?
- 2 पके टमाटर
- 2 सूखी हरी मिर्च
- 2-3 लहसुन की कलियां
- आधा छोटा चम्मच नमक
- आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चुटकी हींग
- आधा छोटा चम्मच सरसों का तेल
- बारीक कटी हरी धनिया (सजावट के लिए)
- बारीक कटा प्याज (वैकल्पिक)
चटनी बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले गैस की आंच पर टमाटरों को अच्छी तरह भूनें। टमाटर की स्किन हल्की जली हुई होनी चाहिए, क्योंकि यही चटनी के स्वाद का राज है। इसके बाद लहसुन की कलियां और हरी मिर्च को भी भून लें। ध्यान रखें, ज्यादा न जलाएं वरना कड़वाहट आ सकती है। अब भुनी हुई सामग्री को सिलबट्टे पर रखकर मोटा-मोटा पीस लें। इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और हींग मिलाएं। ऊपर से सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। आप इसे बारीक कटे प्याज और हरे धनिए से सजा सकते हैं। लो बस तैयार है आपकी चटपटी चटनी। ध्यान रहे अगर सिलबट्टा न हो, तो मिक्सर में हल्का पीसें, लेकिन मोटा रखें ताकि असली स्वाद बरकरार रहे।