अपडेटेड 14 December 2025 at 22:57 IST
Woolen Clothes Care Tips: वूलन कपड़ों पर जमी रोएं की परत हटाने के देसी तरीके, आसान ट्रिक्स जानकर रह जाएंगे हैरान
Woolen Clothes Care Tips: सर्दियों में वूलन कपड़ों पर रोएं की परत जम जाती है, जो देखने में गंदी लगती है। आइए आपको बताते हैं इसे हटाने के देसी तरीके। जानकर आप हो जाओगे हैरान।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Woolen Clothes Care Tips: सर्दियों का मौसम नजदीक आते ही लोग अपने वार्डरोब से ऊनी कपड़े निकालने लगते हैं। लेकिन अक्सर महंगे और ब्रांडेड वूलन कपड़ों पर लिंट यानी रोएं आ जाने की समस्या सामने आ जाती है, जिससे उनका लुक पूरी तरह खराब हो जाता है। यह परेशानी न सिर्फ कपड़ों की चमक कम कर देती है, बल्कि पूरे स्टाइल पर भी असर डालती है। लेकिन आपको अब घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप अपने ऊनी कपड़ों को फिर से नया जैसा बना सकते हैं।
सर्दियों में ऊनी कपड़ों पर क्यों आ जाते हैं रोएं
ऊनी कपड़े पहनने और धोने के कारण उन पर छोटे-छोटे फाइबर इकट्ठा होकर रोएं का रूप ले लेते हैं। खासतौर पर स्वेटर, कार्डिगन, कोट और कंबल में रोएं ज्यादा आ जाते है। समय पर सही देखभाल न की जाए तो ये रोएं कपड़ों को पुराने और बेढंगे दिखाने लगते हैं। फिर ये कपड़े पहनने में अच्छे नहीं दिखते हैं।
लिंट रोलर
अगर आप ऊनी कपड़ों से रोएं हटाने का सबसे आसान तरीका चाहते हैं, तो लिंट रोलर एक बेहतरीन ऑप्शन है। इसे बाजार या ऑनलाइन आसानी से खरीदा जा सकता है। कपड़े की सतह पर हल्के हाथ से रोलर घुमाने पर सारे रोएं चिपककर हट जाते हैं और कपड़ा साफ नजर आने लगता है।
डक्ट टेप
डक्ट टेप भी लिंट हटाने में काफी कारगर साबित होता है। इसके लिए टेप को चिपकने वाली साइड बाहर रखते हुए हाथ पर लपेट लें। अब कपड़े पर हल्के से दबाकर उठाएं। रोएं टेप पर चिपक जाएंगे और कपड़ा साफ हो जाएगा। यह तरीका सस्ता और तुरंत असर दिखाने वाला है।
Advertisement
वेल्क्रो स्ट्रिप
कपड़ों से रोएं हटाने के लिए वेल्क्रो स्ट्रिप का रफ साइड भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे कपड़े पर हल्के हाथ से रगड़ें। रोएं वेल्क्रो में फंस जाएंगे। बाद में ब्रश या हाथ से इसे साफ कर लें।
रेजर या लिंट शेवर
इलेक्ट्रिक लिंट शेवर ऊनी कपड़ों से रोएं हटाने का एक बढ़िया तरीका है। इसे स्वेटर, कोट या कंबल पर हल्के हाथ से चलाएं। अगर कपड़ा पतला हो तो सावधानी बरतें। इसके अलावा, घर में पड़े पुराने रेजर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। कपड़े को किसी समतल जगह पर बिछाकर धीरे-धीरे उन हिस्सों पर रेजर चलाएं जहां रोएं नजर आ रहे हों।
Advertisement
प्यूमिक स्टोन
प्यूमिक स्टोन, जिसे आमतौर पर स्किन साफ करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, वूलन कपड़ों के लिए भी कारगर है। इसे कपड़े पर हल्के हाथ से रगड़ें। रोएं ऊपर आ जाएंगे, जिन्हें बाद में हाथ से हटाया जा सकता है।
पुराने टूथब्रश से करें सफाई
अगर आपके पास कोई भी टूल नहीं है, तो पुराना टूथब्रश भी काम आ सकता है। इसके लिए कपड़े को हल्का सा गीला करें और टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें। इससे कपड़े पर जमी धूल और रोएं आसानी से निकल जाएंगे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 14 December 2025 at 22:55 IST