अपडेटेड 12 December 2025 at 19:17 IST
Year Ender 2025: IPL में RCB की जीत का जश्न और भगदड़ में चली गई थी 11 जानें... इस साल के वो खौफनाक हादसे, जब हिल गया पूरा देश
Stampede in India 2025 List: साल 2025 भगदड़ वाले हादसों का भी साल रहा है। इस साल ने भगदड़ की कई घटनाओं से देश को झकझोर दिया। इन हादसों में 100 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई और सैकड़ों की संख्या में लोग जख्मी हुए। इस साल की समाप्ति पर लोग इन हादसों को याद कर सहम जा रहे हैं। इन हादसों में महाकुंभ में भगदड़, आरसीबी की जीत का जश्न में भगदड़ समेत कई हादसे शामिल हैं।
- भारत
- 5 min read

Year Ender 2025 Major Stampedes in India, Stampede in India 2025 List: साल 2025 अपनी समाप्ति की ओर है। नए साल 2026 की शुरुआत होने में अब मात्र कुछ ही दिन बचे हैं। इस बीच लोग पुराने साल को कई तरीकों से याद कर रहे हैं।
साल 2025 जहां कई बातों को लेकर खुशियों वाला वर्ष रहा है, वहीं कई घटनाओं से इसने भारत और इसके नागरिकों को भी झकझोर दिया है। इस साल देश में भगदड़ की कई बड़ी घटनाएं हुईं, जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाईं। यहां हम इस साल के अंत के साथ आपको 2025 में देश में हुई कुछ बड़ी भगदड़ की घटनाओं के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने कई निर्दोष लोगों को अपने आगोश में ले लिया...
मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में भगदड़
साल 2025 की शुरुआत होते ही महाकुंभ की चर्चा देश ही नहीं पूरे विश्व में छा गई थी। यूपी के प्रयागराज में 13 जनवरी 2025 से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित इस महाकुंभ में 60 करोड़ से अधिक लोगों ने गंगा, यमुना और सरस्वती (विलुप्त) नदियों के संगम स्थल पर पवित्र स्नान किया। इसमें देश-विदेश के श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों, साधू-संत और लोगों ने भाग लिया।
इस महाकुंभ में 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के शाही स्नान के दौरान अहले सुबह संगम नोज पर भगदड़ की घटना हो गई। इसमें 30 से 35 लोगों की मौत की आधिकारिक जानकारी सामने आई। वहीं, कई लोगों के घायल होने की भी खबर आई थी। साल की शुरुआत में इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़
यूपी के प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान करने के लिए देश भर से लोग अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार वाहनों से जा रहे थे। इसको लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी लोगों की काफी भीड़ देखी जाती थी। महाकुंभ में स्नान करने के लिए जाने को लेकर 15 फरवरी 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी थी। इस दौरान प्लेटफार्म और फुटओवर ब्रिज के पास भगदड़ मच गई। इस घटना में करीब 18 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, कई लोग जख्मी हुए थे।
इस घटना पर कुछ आधिकारिक बयान आए, इसमें रेलवे की ओर से कहा गया कि फुटओवर ब्रिज पर एक व्यक्ति के फिसलने से स्थिति बिगड़ गई। वहीं, पुलिस ने बताया कि एक जैसे नाम वाली दो ट्रेनों के कारण यात्री भ्रमित हो गए और आपाधापी के कारण भगदड़ मच गई। यह घटना प्लेटफॉर्म संख्या 14-15 के फुटओवर ब्रिज के सीढ़ियों के पास हुई थी।
गोवा में श्री लैराई देवी मंदिर में भगदड़
गोवा के शिरगांव में श्री लैराई देवी मंदिर के वार्षिक उत्सव 'लैराई जात्रा' के दौरान भगदड़ हुई थी। यह घटना 3 मई 2025 को हुई। इसमें करीब 6 लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग जख्मी भी हुए थे। बताया गया कि यह घटना भारी भीड़ और अफरातफरी के कारण हुई। हालांकि, इसमें किसी के द्वारा अफवाह फैलाने की भी बात सामने आई थी।
Advertisement
RCB की जीत का जश्न के दौरान भगदड़
साल 2025 में आईपीएल में पहली बार आरसीबी (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) की टीम ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के बाद जून में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न मनाया गया। इस जश्न में टीम के दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल विराट कोहली समेत टीम के सभी खिलाड़ी और कई बड़े लोग आए थे। इस जश्न का हिस्सा बनने के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ स्टेडियम के बाहर जुट गई।
बताया जाता है कि भीड़ इतनी अधिक थी कि वहां सुरक्षा में लगे प्रशासन और पुलिस को भी इसे कंट्रोल करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, भारी भीड़ के कारण स्टेडियम का गेट टूट गया और भगदड़ मच गई। इस हादसे में कुल 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं, 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।
Advertisement
हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़
27 जुलाई 2025 को हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ हो गई थी। इसमें करीब 8 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी, वहीं 35 से अधिक लोग घायल हुए थे। बताया जाता है कि पहाड़ पर स्थित इस मंदिर में जाने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ सीढ़ियों पर लगी थी। इस दौरान किसी ने करंट फैलने का अफवाह फैला दिया, जिसके बाद यह हादसा हो गया था।
करूर में विजय की रैली में भगदड़
अभिनेता से नेता बने एक्टर विजय ने तमिलनाडु के करुर में सितंबर में एक राजनीतिक रैली आयोजित की थी। आरोप लगा था कि इस रैली में वे काफी देर से पहुंचे थे। बताया जाता है कि उनका इंतजार करते-करते लोगों की भीड़ काफी बढ़ गई थी। इस दौरान अधिक भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस हादसे में करीब 35 से 41 लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग जख्मी भी हुए थे।
पुरी में रथ यात्रा के दौरान भगदड़
ओडिशा के पुरी में रथ यात्रा दुनिया में विख्यात है। जून 2025 में इस यात्रा के दौरान गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मच गई थी। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी, वहीं 30 से अधिक को घायल हुए थे।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 12 December 2025 at 19:17 IST