कौन हैं सीमा पाहुजा, जो करेंगी दिशा सालियान केस की जांच? सुलझा चुकी हैं RG कर और हाथरस जैसे बड़े केस
दिशा सालियान केस की जांच के लिए तेज तर्रार अफसर सीमा पाहुजा को सौंपी गई है। हाथरस कांड, गुड़िया गैंगरेप कांड सुलझाने के लिए उन्हें जाना जाता है।
- भारत
- 3 min read

Disha Salian Death Case: बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान मौत मामले में सीबीआई ने FIR दर्ज कर ली है। अब इस केस की जिम्मेदारी सीबीआई की अनुभवी और सबसे तजतर्रार अफसर सीमा पाहुजा को दी गई है।
दरअसल, पाहुजा को कई मामलों की जांच का लंबा अनुभव है। वह उन्नाव, हाथरस और RG Kar जैसे मामलों की जांच से भी जुड़ी रही हैं। ऐसे में रिपोर्ट्स हैं कि वह इस जटिल मामले की भी जांच की निगरानी करेंगी। उनकी जांच क्षमता को देखते हुए 2021 में उन्हें 'बेस्ट इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर' का गोल्ड मेडल अवॉर्ड भी मिल चुका है।
कौन हैं सीमा पाहुजा?
सीमा पाहुजा वर्तमान में दिल्ली स्थित सीबीआई (CBI) मुख्यालय की स्पेशल क्राइम यूनिट में एसपी (SP) के पद पर तैनात हैं। इस चर्चित मामले की जांच में जांच अधिकारी और डिप्टी एसपी पुरण कुमार सहित अन्य अधिकारी उनकी सहायता करेंगे।
तेज तर्रार अफसरों में नाम
सीमा पाहुजा को एक तेज-तर्रार, बेहद सख्त और ईमानदार महिला अधिकारी के रूप में जाना जाता है। अपनी इसी छवि के कारण उन्हें ऐसे उलझे हुए मामलों की जिम्मेदारी सौंपी जाती है, जिनमें राजनीतिक हस्तक्षेप (दखल) की आशंका अधिक होती है।
Advertisement
बेस्ट इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर का मिल चुका है अवॉर्ड
पाहुजा को पुलिस पदक सहित कई अन्य सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें सीबीआई में सराहनीय सेवाओं के लिए 15 अगस्त 2014 को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा 2007 से 2018 के बीच अच्छे कामों के लिए दो बार गोल्ड मेडल मिल चुका है। साल 2021 में उन्हें बेस्ट इन्वेस्टिगेटिव ऑफिसर का गोल्डन अवॉर्ड भी मिला था।
वह सीबीआई की स्पेशल क्राइम यूनिट-1 में कई सालों तक काम कर चुकी हैं। उन्होंने देश के कई बड़े और संवेदनशील मामलों की जांच की है, जिसमें 2024 का कोलकाता RG कर रेप और मर्डर केस, उत्तर प्रदेश का हाथरस गैंगरेप मामला (जांच करने वाली 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा थीं) शामिल है। इसके अलावा 2017 का उन्नाव रेप केस, हिमाचल प्रदेश का चर्चित गुड़िया मामला (गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई ने भेजा था) और शिमला में 16 वर्षीय लड़की से रेप और हत्या का मामला भी शामिल है।
Advertisement
दिशा सालियान केस में इंसाफ की उम्मीद
अब सीमा पाहुजा 2020 में हुई दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले की CBI जांच की निगरानी करेंगी। ऐसे में उनकी नियुक्ति को इस मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सीमा पाहुजा के सर्विस रिकॉर्ड को देखते हुए अब दिशा सालियान केस में पूरा इंसाफ मिलने की उम्मीद जाग उठी है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि दिशा की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में 14वीं मंजिल से गिरने से हुई थी। घटना के 6 दिन बाद यानी 14 जून 2020 को सुशांत सिंह भी मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे।
दिशा केस की शुरुआती जांच करीब तीन महीने में बंद कर दी गई थी। अक्टूबर 2020 में पुलिस ने इस मौत को सुसाइड बताया था। ऐसे में दिसंबर 2023 में केस रिओपन किया गया और SIT बनाई गई थी, जिसमें भी आत्महत्या की बात कही गई थी। हालांकि दिशा के पिता सतीश सालियान का आरोप है कि दिशा के साथ गैंगरेप और हत्या हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को दबाने की कोशिश की गई।
उन्होंने आदित्य ठाकरे, रोहन रॉय, रिया चक्रवर्ती, परमबीर सिंह, डीनो मोरिया, सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, तत्कालीन DCP विशाल ठाकुर, मालवानी पुलिस स्टेशन के PI, SIT के सदस्य, एक डॉक्टर और एक केमिकल एनालिस्ट के खिलाफ FIR की मांग की थी।