अपडेटेड 8 December 2025 at 17:45 IST
'भाषण अच्छा देते हैं...' जब प्रियंका गांधी ने की PM मोदी की तारीफ, फिर लोकसभा अध्यक्ष ने बीच में क्यों टोका?
Priyanka Gandhi in Lok Sabha: केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'वंदे मातरम्' पर जारी चर्चा में भाग लेते हुए पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भाषण अच्छा देते हैं। इसके बाद वो मुस्कुराने भी लगीं। इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें बीच में टोका।
- भारत
- 3 min read

Priyanka Gandhi: वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर जारी चर्चा में कई सांसद अपने विचार रख रहे हैं। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपना वक्तव्य दिया। वो सरकार के आरोपों का जवाब देती नजर आईं। इस दौरान प्रियंका ने पीएम मोदी के भाषण की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भाषण अच्छा देते हैं। ये बोलते हुए वो मुस्कुराने भी लगीं। इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें टोका।
लोकसभा में आज, 8 दिसंबर को वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर विशेष चर्चा हो रही है। चर्चा की शुरुआत दोपहर 12 बजे पीएम मोदी ने की। लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा के लिए 10 घंटे का वक्त तय किया गया है।
आज इस बहस की क्या आवश्यकता है?- प्रियंका
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने चर्चा में भाग लेते हुए पहले तो इसकी आवश्यकता पर सवाल उठाए। केरल के वायनाड से सांसद ने कहा कि 150 सालों से देशवासियों के दिलों में ये गीत बस चुका है। 75 सालों से हमारा देश आजाद है। तो फिर आज इस बहस की क्या आवश्यकता है? हमारा यहां मकसद क्या है? प्रियंका ने दावा किया कि सत्तापक्ष ने वंदे मातरम् पर चर्चा करवाई ताकि ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।
'प्रधानमंत्री भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन...'
इस बीच ही पीएम मोदी के भाषण की भी तारीफ भी करती नजर आईं। प्रियंका ने कहा कि आज इस चर्चा को प्रधानमंत्री जी ने शुरू किया। उन्होंने भाषण दिया। इसको कहने में कोई झिझक नहीं है वो भाषण अच्छा देते हैं। थोड़ा सा लंबा था। सिर्फ एक कमजोरी है, अगर आप इजाजत दें तो मैं बोलूं।
Advertisement
इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें टोका और कहा कि विषय वंदे मातरम् का है, तो उस पर बोलें। इस पर प्रियंका मुस्कुराई और आगे कहा कि ये वंदे मातरम् पर ही है। वो (पीएम मोदी) भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों के मामले में कमजोर पड़ जाते हैं।
इसमें भी एक कला होती है कि तथ्यों को किस तरह से जनता के सामने रख जाए। मैं तो नई-नई हूं, जनता की प्रतिनिधि हूं, कलाकार तो नहीं हूं। इसलिए मैं भी सदन के सामने कुछ तथ्य रखना चाहती हूं, लेकिन तथ्यों के रूप में रखना चाहती हूं।
Advertisement
वंदे मातरम की सालगिरह पर जो आपने बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया, उसमें पीएम मोदी ने भाषण दिया। उन्होंने कहा कि 1896 में पहली बार गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जी ने एक अधिवेशन में ये गीत गाया। उन्होंने ये नहीं बताया कि कौन सा अधिवेशन था? हिंदू महासभा का अधिवेशन था? आरएसएस का अधिवेशन था? किस बात से कतरा रहे थे कि ये कांग्रेस का अधिवेशन था?
'पश्चिम बंगाल चुनाव आ रहे हैं, इसलिए...'
चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने ये भी कहा कि सदन में वंदे मातरम पर बहस के दो कारण हैं। एक, पश्चिम बंगाल में चुनाव आ रहे हैं। ऐसे में हमारे प्रधानमंत्री अपनी भूमिका बनाना चाहते हैं। दूसरा, जिन्होंने आजादी की लड़ाई लड़ी, देश के लिए कुर्बानी दी... यह सरकार उन पर नए आरोप लगाने का मौका चाहती है। ऐसा करके सरकार देश का ध्यान जनता से जुड़े जरूरी मुद्दों से भटकाना चाहती है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 8 December 2025 at 17:45 IST