दिन में लू का तांडव, रात में उमस का जुल्‍म...दिल्ली-NCR में आग उगलेगा आसमान; 43 डिग्री तापमान से मचेगा त्राहिमाम; IMD का येलो अलर्ट

IMD ने राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में 22 से 24 अप्रैल तक लू चलने की संभावना जताते हुए तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Follow : Google News Icon  
Delhi Weather
दिल्ली में IMD ने जारी किया तीन दिन का येलो अलर्ट | Image: X/ANI

देश के विभिन्न हिस्से में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां दक्षिण के राज्यों में बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है तो उत्तर भारत में भीषण गर्मी की शुरुआत हो गई है। देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्य तपती गर्मी से धधक रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग की चेतावनी और चिंता बढ़ाने वाली है। आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में 22 से 24 अप्रैल तक लू चलने की संभावना जताते हुए तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गर्म हवाएं 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तीनों दिन आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकली रहेगी। कहीं कहीं लू भी चलेगी।

तीन दिनों का तापमान पूर्वानुमान

  • 22 अप्रैल: अधिकतम तापमान 41-43°C, न्यूनतम 21-23°C  
  • 23 अप्रैल: अधिकतम तापमान 42-44°C, न्यूनतम 22-24°C  
  • 24 अप्रैल: अधिकतम तापमान 42-44°C, न्यूनतम 23-25°C

IMD ने जारी किया येलो अलर्ट 

IMD ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर में घर से बाहर निकलते समय सिर और मुंह को अच्छी तरह ढकें, छाता या टोपी का इस्तेमाल करें और भरपूर मात्रा में पानी पिएं। आमतौर पर दिल्ली में लू की शुरुआत अप्रैल से हो जाती है, लेकिन इस बार रूक-रूक बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से राजधानी अभी तक लू के आसार से बचा हुआ था। मगर अब लोगों को राहत मिलने वाली नहीं है।

लू के थपेड़ों से बढ़ेगी पेरशानी

अगले तीन दिनों तक चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों लोगों को जून की तपती गर्मी की याद दिला देगी। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 38.8 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम 20.5 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 63 से 22 प्रतिशत रहा। दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रिज क्षेत्र रहा, यहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Advertisement

कई राज्यों में तापमान 40°C से ऊपर 

तापमान बढ़ने के साथ-साथ इस बार उमस से भी लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है। यह स्थिति केवल दिल्ली तक ही सीमित नहीं है। उत्तरी, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है, और कई राज्यों में तापमान 40°C से ऊपर पहुंच गया है। IMD ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह देश के बड़े हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: हर-हर महादेव...खुले केदारनाथ धाम के कपाट; शिव के जयघोष से गूंज उठी घाटी

Advertisement
Published By :
Rupam Kumari
पब्लिश्ड