Weather: झुलसाने वाली गर्मी के लिए रहे तैयार, दिल्ली में लू का अलर्ट; पारा पार करेगा 40 डिग्री... खुद को ऐसे रखें हाइड्रेटेड?
दिल्ली वालों को आने वाले दिनों में झुलसती गर्मी और दमघोंटू हवा से जूझने के लिए तैयार रहना होगा। इसलिए हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी जा रही है।
- भारत
- 4 min read

दो दिन की आंधी और बारिश के बाद अब राजधानी दिल्ली समेत NCR पर गर्मी कहर बनकर टूटने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज (14 अप्रैल ) से आगे अब दिल्ली में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचेगा और अगले 2 दिन लू की चपेट में रहने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
कल रविवार (13 अप्रैल) को आसमान साफ रहा और सूरज ने पूरा दिन तपिश उड़ेली। लेकिन आज सोमवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली। ना बादल, ना बारिश, सिर्फ चटक धूप और गर्म हवाएं। अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन अब जो आने वाला है, वह मई-जून जैसी तपिश का ट्रेलर है।
कैसे रहेगा इस हफ्ते का तापमान ?
- 15 अप्रैल को तापमान 39 से 41 डिग्री तक रह सकता है
- 16-17 अप्रैल तक लू का अलर्ट, तापमान 42 डिग्री तक रहने की संभावना
- 17 के बाद कुछ दिन आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी
वहीं दूसरी ओर गर्मी के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। राजधानी के 8 इलाकों में AQI 200 के पार है, जिसमें मुंडका (229), जहांगीरपुरी (216), शादीपुर (219) और रोहिणी (212) शामिल हैं। यह स्तर 'खराब' की श्रेणी में आता है, जो सांस लेने वालों के लिए खतरे की घंटी है।
झुलसती गर्मी और दमघोंटू हवा से बचने की सलाह
दिल्ली वालों को आने वाले दिनों में झुलसती गर्मी और दमघोंटू हवा से जूझने के लिए तैयार रहना होगा। गर्मी में सिर्फ छतरी और एसी काफी नहीं होंगे। खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी जा रही है, बाहर निकलने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।
Advertisement
झुलसती गर्मी में खुद को ऐसे रखें ठंडा और हाइड्रेटेड, वरना शरीर दे देगा जवाब
गर्मियों की मार सिर्फ बाहर नहीं, अंदर भी असर करती है। शरीर पसीने से पानी खोता है, एनर्जी खत्म होती है और लू का खतरा मंडराने लगता है। लेकिन कुछ आसान उपायों से इस गर्मी को मात दी जा सकती है:
8-10 गिलास पानी: सबसे आसान बचाव
गर्मी में सबसे जरूरी है : पानी हर दिन कम से कम 8 से 10 गिलास पानी जरूर पिएं। अगर आप धूप में ज्यादा वक्त बिता रहे हैं तो और भी ज्यादा पानी पिएं। ये सबसे सीधा और असरदार तरीका है खुद को लू से बचाने का।
Advertisement
नारियल पानी से मिलती है ठंडक
नारियल पानी शरीर को सिर्फ ठंडक ही नहीं देता, बल्कि जो इलेक्ट्रोलाइट्स और मिनरल्स पसीने से निकल जाते हैं, उनकी भरपाई भी करता है। यह नेचुरल हाइड्रेशन ड्रिंक है जो हर घूंट में ताजगी देता है।
फलों और सब्जियों से ठंडक
खीरा, तरबूज, संतरा, अंगूर और स्ट्रॉबेरी जैसे पानीदार फल और सब्जियां गर्मी में रामबाण हैं। ये न सिर्फ शरीर में पानी की कमी पूरी करते हैं बल्कि ठंडक का अहसास भी कराते हैं।
छाछ: पेट भी सही, शरीर भी ठंडा
दोपहर के खाने के बाद एक गिलास छाछ के क्या ही कहने। इसमें मौजूद कैल्शियम और प्रोटीन शरीर को अंदर से ठंडा रखते हैं और पाचन को दुरुस्त करते हैं।
नींबू पानी: सस्ती, स्वादिष्ट, असरदार राहत
एक गिलास ठंडा नींबू पानी : उसमें चुटकी भर नमक और थोड़ा सा शहद – गर्मी में सबसे सस्ता और असरदार टॉनिक है। इससे शरीर को विटामिन C मिलता है और आप तरोताजा महसूस करते हैं।
ठंडी चाय: ग्रीन या हर्बल, मन और तन दोनों को राहत
ठंडी ग्रीन टी या हर्बल टी न सिर्फ शरीर को ठंडक देती है, बल्कि इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स गर्मी के असर से बचाव करते हैं। दिन में एक-दो बार इसे जरूर शामिल करें।
फलों का ताजा रस: मीठा और ताकतवर
संतरा, अंगूर या आम का रस: ये सभी फलों का ताजा जूस शरीर को ताजगी से भर देते हैं। इनमें नेचुरल शुगर होती है जो आपको तुरंत एनर्जी देती है।