'गिनती में हम 5 सीटें जीते हैं लेकिन BJP 50 जिलों में हारी हैं, समाजवादी लोग तो...', MLC चुनाव रिजल्ट के बाद गदगद होकर बोले अखिलेश यादव
राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने सपा के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जीत अपने बल पर हुई है। मगर BJP जो 6 सीटें जीती है, वो छल से जीती है।
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के परिणाम आने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव गदगद नजर आ रहे हैं। नतीजों के ऐलान के बाद से अखिलेश लगातार BJP पर हमला कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने दावा किया है कि जीत का सिलसिला अब रूकने वाला नहीं है। शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में जीत हासिल करने वाले प्रत्याशियों को बधाई देते हुए उन्होंने भाजपा पर तंज कसा। अखिलेश ने कहा- 'हमारी सीटों की संख्या भले 5 हो, लेकिन भाजपा 50 जिलों में हारी है।'
राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने सपा के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए बीजेपी पर तंज कसा। वाराणसी के मतदाताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने डबल इंजन को डबल जीरो दिया है। आकाश अग्रवाल के चुने जाने पर उन्होंने इसे गिफ्ट बताया और कहा कि जब आकाश अग्रवाल उनके पास आए तो टिकट देने में एक मिनट भी नहीं लगाया।
बीजेपी ने 6 सीटें भी छल से जीती-अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि MLC चुनाव के नतीजे के लेकर जो लोग तैयारी में थे कि धूमधाम होगी वो धड़ाम से गिर गए। गिनती में 5 सीटें हैं लेकिन 50 जिलों में हारे हैं। सपा के मुखिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी की जीत अपने बल पर हुई है। मगर BJP जो 6 सीटें जीती है, वो छल से जीती है। छल ना करते तो ये 6 सीटें भी नहीं होती। उन्होंने आगे कहा कि रात भर संघर्ष कराने के बाद जनता भाजपा का घपला समझ गई।
अखिलेश चुनाव में गड़बड़ी का लगाया आरोप
चुनाव में गड़बड़ी के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा,"समाजवादी पार्टी 2022 से ये बात कह रही है कि इन्होंने बेईमानी की है वोटर लिस्ट में, लेकिन क्या कार्रवाई हुई? वोटर लिस्ट में सुधार की जरूरत है। मतदाता सूची और मतदान व्यवस्था में चुनाव आयोग को सुधार करना चाहिए तथा तकनीक का उपयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी पढ़े लिखे लोग लोकतंत्र बचाने निकले हैं, अब बाकी जनता भी तैयार है।
Advertisement
अमित शाह के यूपी दौरे पर अखिलेश का तंज
गृहमंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते। अब भाजपा के अंदर की फूट और उजागर होगी, भगदड़ मचेगी। इनकी टिकट की खिड़की खाली रहेगी।” उन्होंने दावा किया कि महिलाओं ने खासकर महिला शिक्षकों ने 100 प्रतिशत सपा को समर्थन दिया है। जब एक पार्टी का ग्राफ ऊपर जाता है तो ऊपर ही जाता है। विधानसभा चुनाव में सपा की रिकॉर्ड जीत होने जा रही है और कई अधिकारी बेरोजगार होने वाले हैं। परिणाम के बाद कई अफसरों पर गाज गिरने वाली है।