Waqf Bill: वक्फ बिल पर पार्टियों की अग्निपरीक्षा, लोकसभा में होगा पेश, 8 घंटे होगी चर्चा; BJP ने जारी किया व्हिप
Waqf Bill: केंद्र सरकार 2 अप्रैल 2025 को संसद में वक्फ संशोधन विधेयक लाने जा रही है, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू इसे लोकसभा में पेश करेंगें।
- भारत
- 3 min read

Waqf Bill: केंद्र सरकार 2 अप्रैल 2025 को संसद में वक्फ संशोधन विधेयक लाने जा रही है, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू बुधवार को इसे लोकसभा में पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि अगर सदन को लगता है कि चर्चा के लिए समय बढ़ाया जाना चाहिए, तो समय बढ़ाया जा सकता है, लेकिन अगर वे (विपक्ष) कोई बहाना बनाकर चर्चा में भाग नहीं लेना चाहते हैं, तो मैं इसे रोक नहीं सकता। हम चर्चा चाहते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हर राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है और देश सुनना चाहता है कि संशोधन विधेयक पर किस राजनीतिक दल का क्या रुख है। यह बात हजारों साल तक दर्ज रहेगी, यह बात रिकॉर्ड में रहेगी कि किसने संशोधन विधेयक का विरोध किया और किसने समर्थन किया। 2 अप्रैल को प्रश्नकाल के तुरंत बाद मैं संशोधन विधेयक को विचार और पारित करने के लिए पेश करना चाहता हूं, उसके बाद हम 8 घंटे की चर्चा के लिए सहमत हुए हैं। बता दें कि ये बजट सत्र 4 अप्रैल तक चलेगा।
बीजेपी ने जारी किया व्हिप
बीजेपी ने अपने लोकसभा सासंदों के व्हिप जारी कर संसद में मौजूद रहने को कहा है। बीजेपी के मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने एक पत्र लिखा है, जिसमें लिखा है, भारतीय जनता पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों को सूचना दी जा सकती है कि लोकसभा में कुछ अति महत्वपूर्ण विधायी कार्य पारित करने के लिए बुधवार दिनांक 2 अप्रैल 2025 को लाए जाएंगे।
Advertisement
भारतीय जनता पार्टी के सभी लोकसभा सदस्यों से निवेदन है कि दिनांक बुधवार 2 अप्रैल 2025 को पूरे समय सदन में उपस्थित रहकर सरकार के पक्ष का संमर्थन करें।
वक्फ बिल का हिंदू, मुसलमान या सिख, ईसाई से लेना-देना नहीं- निशिकांत दुबे
Advertisement
भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर कहा कि इसका हिंदू, मुसलमान या सिख, ईसाई से कोई लेना-देना नहीं है। जब-जब चुनाव हुआ तो कांग्रेस ने केवल मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करते हुए वक्फ में संशोधन करके मुसलमानों को बरगलाने का प्रयास किया। JPC की 60 बैठकें हो चुकी हैं। आज भी सदन में अध्यक्ष ने कहा कि इस पर चर्चा कर लेते हैं। समय को लेकर कोई परेशानी नहीं थी। विपक्ष मन बनाकर आए थे कि उन्हें केवल मुसलमानों को वोट बैंक समझना है और संदेश देना है इसलिए विपक्ष ने इसका विरोध किया। उनकी बुद्धि पर तरस आता है। वक्फ अच्छा बिल है और इसे पास होना चाहिए।
मेरी पार्टी वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करेगी-असदुद्दीन ओवैसी
वक्फ संशोधन विधेयक पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मेरी पार्टी बहस में हिस्सा लेगी, हम संशोधन रखेंगे। हम अपनी सारी दलीलें रखेंगे और बताएंगे की यह बिल कितना संवैधानिक है और मुसलमानों के धर्म की स्वतंत्रता की मुखालफत करता है। कैसे ये मुसलमानों को दान देने की परंपरा से वंचित करता है। चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार, चिराग पासवान और जयंत चौधरी ये समझ नहीं रहे हैं। इनको जनता समझा देगी।