Ghaziabad: करोड़ो का बिजनेस, 2 करोड़ का जीवन बीमा और...महिला ने पार की सारी हदें, पति, बेटे-भांजे को देती रही स्‍लो प्‍वाइजन; ऐसे खुला राज

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने ही पति, बेटे और भांजे को करीब एक साल तक खाने में धीमा जहर (Lead Poison) देने का आरोप लगा है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
'Wanted to take over Rs 6 crore business': How ghaziabad woman slow-poisoned husband, son, nephew for a year
Ghaziabad: करोड़ो का बिजनेस, 2 करोड़ का जीवन बीमा और...महिला ने पार की सारी हदें, पति, बेटे-भांजे को देती रही स्‍लो प्‍वाइजन; ऐसे खुला राज | Image: X

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने ही पति, बेटे और भांजे को करीब एक साल तक खाने में धीमा जहर (Lead Poison) देने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की नजर पति की करीब 5 से 6 करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ रुपये की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी पर थी। महिला को उम्मीद थी कि पति की मौत के बाद कारोबार और बीमा की रकम उसके नाम हो जाएगी। पुलिस ने आरोपी पत्नी रेणु भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि परिवार के तीन सदस्यों की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन बीमारी की असली वजह मेडिकल जांच में सामने आई। पति की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और जहर देने के मामले का खुलासा हुआ।

यह पूरा मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा इलाके का है। आरोपी महिला की पहचान रेणु भटनागर के रूप में हुई है। उसके पति सुशील कुमार भटनागर ट्रैवल एजेंसी का कारोबार करते हैं। सुशील भटनागर ने 24 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी रेणु और उसके परिवार के कुछ सदस्य मिलकर उन्हें, उनके बेटे वंश भटनागर और भांजे देव भटनागर को जान से मारने की नीयत से लेड पॉइजन दे रहे थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में तीनों पीड़ितों की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को खंगाला गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश शुरू की।

करोड़ों की संपत्ति और बीमा पॉलिसी पर थी नजर

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान रेणु भटनागर ने बताया कि उसके पति की ट्रैवल एजेंसी की कीमत करीब 5 से 6 करोड़ रुपये है। इसके अलावा पति के नाम पर 2 करोड़ रुपये की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी भी है, जिसमें वह नॉमिनी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला को लगता था कि पति की मौत के बाद उसे कारोबार और बीमा की रकम मिल जाएगी। इसी लालच में उसने पति और परिवार के अन्य सदस्यों को धीमा जहर देने की योजना बनाई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पति के ट्रैवल कारोबार पर पूरा नियंत्रण हासिल करना चाहती थी।

एक साल तक खाने में मिलाती रही लेड पॉइजन

Advertisement

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पर आरोप है कि वह परिवार के सदस्यों के खाने में नियमित रूप से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में लेड मिलाती थी। यह सिलसिला करीब 12 महीने तक चला। लेड यानी सीसा एक जहरीली धातु है। शरीर में इसकी अधिक मात्रा पहुंचने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इस मामले में पति, बेटे और भांजे की तबीयत लगातार खराब होने के बाद मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शरीर में लेड की असामान्य मात्रा सामने आई। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला ने जहरीला पदार्थ कहां से हासिल किया था और क्या इस साजिश में अन्य लोगों की भी भूमिका थी।

बेटी की चेतावनी से खुलने लगा पूरे मामले का राज

इस मामले में परिवार की 12 वर्षीय बेटी की भूमिका भी महत्वपूर्ण बताई जा रही है। बेटी ने अपने पिता को बताया था कि उसकी मां खाना परोसने से पहले उसमें कुछ स्प्रे करती थीं। शुरुआत में पिता ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन जब परिवार के सदस्यों की तबीयत लगातार बिगड़ती रही और मेडिकल जांच में लेड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई तो संदेह गहराने लगा। इसके बाद सुशील भटनागर ने पुलिस से शिकायत की। जांच में मेडिकल रिपोर्ट, परिवार के सदस्यों के बयान और अन्य तथ्यों को शामिल किया गया।

दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रहे सुशील भटनागर

सुशील भटनागर की तबीयत 21 अगस्त 2025 को अचानक बिगड़ गई थी। जांच में उनके खून में लेड की मात्रा काफी अधिक पाई गई थी। उन्हें वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में करीब दो महीने तक भर्ती रहना पड़ा। इसके बाद भी उनकी तबीयत पूरी तरह सामान्य नहीं हुई। परिवार के बेटे और भांजे की सेहत भी प्रभावित हुई। मेडिकल जांच में तीनों के शरीर में लेड पॉइजनिंग के संकेत मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

दिल्ली से गिरफ्तार हुई आरोपी पत्नी रेणु भटनागर

इंदिरापुरम पुलिस ने मामले की जांच के बाद 23 नवंबर 2026 को रेणु भटनागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसे दिल्ली की झिलमिल कॉलोनी स्थित उसकी बहन के घर से पकड़ा गया। इंदिरापुरम के ACP अभय राजेन्द्र डागा के अनुसार, 24 सितंबर को सुशील भटनागर की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 123 (जहर या नशीले पदार्थ से चोट पहुंचाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें- बिहार के बाहुबली आनंद मोहन की रिहाई का आदेश रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने एक महीने में दिया सरेंडर करने का आदेश; जानिए क्‍या है पूरा मामला
 

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड