Manipur: नई सरकार बनते ही मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, चुराचांदपुर में सड़कों पर उतरे कुकी प्रदर्शनकारी, भारी सुरक्षाबल तैनात

Manipur Protests: युमनाम खेमचंद के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मणिपुर के एक जिले में फिर हिंसा शुरू हो गई है। प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरकर कुकी समुदाय के विधायकों के सरकार में शामिल होने का विरोध कर रहे हैं। इस बीच वहां भारी सुरक्षाबल की तैनाती की गई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
manipur protest
मणिपुर के एक इलाके में फिर भड़की हिंसा | Image: X- ANI

Manipur Protests: युमनाम खेमचंद को मणिपुर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लिए कुछ घंटे ही हुए हैं, इस बीच वहां फिर तनाव बढ़ गया है। गुरुवार (5 फरवरी) चुराचंदपुर जिले में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और यहां विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। इस बीच हालात बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई।

एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के लगभग एक साल बाद युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार संभाला है। कुकी समुदाय से BJP विधायक नेमचा किपगेन और नगा पीपुल्स फ्रंट विधायक एल. दिखो को मणिपुर का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। इस बीच नई सरकार को बने 48 घंटे भी नहीं हुए थे कि फिर तनाव फैल रहा है।

चुराचांदपुर में शुरू हुए प्रदर्शन

5 फरवरी को चुराचांदपुर जिले के तुइबोंग इलाके में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन शुरू हो गए। पूरे दिन तनाव का माहौल बना रहा। प्रदर्शनकारियों ने लकड़ी और टायर जलाए, जिससे यातायात ठप हो गया। हालात तब और बिगड़ गए, जब भीड़ ने सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। वहीं, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए।

कुकी प्रदर्शनकारियों की ये है मांग

प्रदर्शनकारियों के बीच कुकी विधायकों के समर्थन देने पर रोष फैला हुआ है। उन्होंने चुने हुए प्रतिनिधियों पर समुदाय की भावनाओं को नजरअंदाज करने का गंभीर आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों ने साफ किया है कि जब तक अलग प्रशासन की उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे एनडीए सरकार का समर्थन नहीं करेंगे।

Advertisement

बता दें कि मणिपुर में मई 2023 में जातीय हिंसा शुरू हुई थी, जो काफी समय तक चली। केंद्र सरकार ने 2025 में राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। इसके बाद हाल ही में युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार का गठन हुआ है।

शांति बहाल करना सामूहिक जिम्मेदारी- सीएम

सीएम के तौर पर शपथ लेने के बाद मणिपुर के नए मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने विधानसभा में कहा कि राज्य में शांति बहाल करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास की कमी को हिंसा की बड़ी वजह बताया और इसे दूर करने की अपील की है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'तुम दुनिया को कितना धोखा दोगे? आईना देख लिया तो…', PM मोदी का शायराना वार, कांग्रेस-TMC-DMK को सुनाई खरी-खरी
 

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड