अपडेटेड 17 September 2025 at 07:18 IST
Vaishno Devi Yatra: नवरात्रि से पहले माता के भक्तों के लिए खुशखबरी, 22 दिन बाद फिर शुरू हुई यात्रा; लैंडस्लाइड के बाद से थी स्थगित
Vaishno Devi Yatra: 26 अगस्त को मां वैष्णो देवी मार्ग के अर्धकुंवारी मंदिर क्षेत्र में भूस्खलन की दर्दनाक घटना हुई थी, जिसमें 34 श्रद्धालुओं की मौत हुई। इसके बाद से ही वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित थी। हालांकि 22 दिनों बाद अब ये यात्रा फिर से शुरू हो गई है।
- भारत
- 2 min read

Mata Vaishno Devi Yatra: माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी है। 22 दिनों तक स्थगित रहने के बाद वैष्णो देवी की यात्रा फिर से शुरू हो गई है। खराब मौसम और ट्रैक की आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते वैष्णो देवी की यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था। हालांकि अब यात्रा को शुरू कर दिया गया है।
26 अगस्त को लैंडस्लाइड की वजह से दर्दनाक हादसा भी हुआ था, जिसमें 34 तीर्थयात्रियों की मौत हुई थी। इसके बाद से ही वैष्णो देवी यात्रा स्थगित थी और माता का दरबार सूना पड़ा था।
22 दिन से स्थगित थी यात्रा
श्री माता वैष्णो देवी यात्रा 22 दिनों के लिए स्थगित रहने के बाद शुरू हुई है। दर्शनी देवड़ी और ताराकोट दोनों मार्गों से यात्रा शुरू हो गई है। वैष्णो देवी यात्रा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई। अभी कम संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं, लेकिन आने वाले समय से यहां फिर से रौनक लौटने की संभावना है।
इससे पहले मंगलवार (16 सितंबर) को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने को एक्स पर एक पोस्ट कर यात्रा फिर से शुरू होने की जानकारी दी। इसमें लिखा गया, "जय माता दी... वैष्णो देवी यात्रा अनुकूल मौसम की स्थिति में 17 सितंबर, 2025 (बुधवार) से फिर से शुरू होगी। भक्तों से अनुरोध है कि वे आधिकारिक संचार माध्यमों के माध्यम से अपडेट रहें। बुकिंग के लिए कृपया http://maavaishnodevi.org पर जाएं।"
Advertisement
पहले 14 सितंबर से होनी थी शुरू
पहले 14 सितंबर से यात्रा शुरू होने जा रही थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम ने इसे टाल दिया था। शनिवार (13 सितंबर) देर शाम एक बार फिर यात्रा को स्थगित कर दिया गया था।
26 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भारी भूस्खलन हुआ था। दर्दनाक हादसे में 34 लोगों की मौत हुई और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
Advertisement
बता दें कि यात्रा शुरू करने की मांग करते हुए कटरा बेस कैंप पर श्रद्धालुओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान कई लोगों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन श्राइन बोर्ड ने उन्हें रोक दिया।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 17 September 2025 at 07:18 IST