Uttarakhand Rajat Jayanti: जन-जन का उत्सव बना रजत जयंती उत्सव, CM धामी ने बोले - विकास और पर्यावरण का संतुलन ही उत्तराखंड की पहचान
Uttarakhand Rajat Jayanti: इसके बाद मुख्यमंत्री धामी रामनगर पहुंचे, जहां ‘जन वन महोत्सव’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों और छात्रों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों का अवलोकन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वन और वन्यजीवों का संरक्षण देव भूमि की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
- भारत
- 3 min read

Uttarakhand Rajat Jayanti: इन दिनों पूरे उत्तराखंड में राज्य स्थापना की रजत जयंती का उल्लास छाया हुआ है। राजधानी देहरादून से लेकर प्रदेश के सुदूर पहाड़ी इलाकों तक, रजत जयंती उत्सव का जश्न पूरे शबाब पर है।
इसी क्रम में गुरुवार का दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए बेहद व्यस्त और ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री धामी ने एक ही दिन में हल्द्वानी, रामनगर और देहरादून में आयोजित तीन प्रमुख आयोजनों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण का संतुलन ही उत्तराखंड की पहचान है।
सैनिकों के संघर्ष को बहुत करीब से महसूस किया हूं - सीएम धामी
हल्द्वानी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने वीर नारियों और बलिदानियों के परिजनों को सम्मानित किया। यह आयोजन भावनाओं से भरा हुआ था। जब जिलाध्यक्ष नैनीताल ने मुख्यमंत्री को उनके स्वर्गीय पिता की तस्वीर भेंट की, तो पूरा माहौल भावुक हो उठा।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों के संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं इन कठिनाइयों को बहुत करीब से महसूस किया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारतीय सेना पहले से कहीं अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और गौरवान्वित हुई है।
Advertisement
वन और वन्यजीवों का संरक्षण देव भूमि की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा - मुख्यमंत्री
इसके बाद मुख्यमंत्री धामी रामनगर पहुंचे, जहां ‘जन वन महोत्सव’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों और छात्रों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों का अवलोकन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वन और वन्यजीवों का संरक्षण देव भूमि की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाना हमारे संस्कारों में शामिल है, हमारे पूर्वजों ने सदैव मानव और प्रकृति के सह-अस्तित्व की भावना को पोषित किया है। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से अपील की कि वे जंगल सफारी या धार्मिक स्थलों पर जाते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि यह छोटा सा कदम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा योगदान साबित होगा।
Advertisement
उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है - सीएम धामी
देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी का नारों और उत्साहपूर्ण स्वागत के साथ आगमन हुआ। उनके संबोधन ने युवाओं में जोश और आत्मविश्वास भर दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नकलरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है, और सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर सीएम धामी ने राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के साथ साइकिलिंग कर फिर इंडिया का संदेश भी दिया।
इन तीनों आयोजनों ने न केवल प्रदेश में रजत जयंती उत्सव की चमक बढ़ाई, बल्कि उत्तराखंड की नई दिशा और ध्येय को भी रेखांकित किया। जहां विकास और विरासत, परंपरा और प्रगति, संवेदनशीलता और सशक्तिकरण एक साथ कदमताल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट संदेश दिया कि “उत्तराखंड में विकास भी होगा, और विरासत भी बचेगी।”