उत्तराखंड: विधायक के कार्यालय पर गोलीबारी के मामले में पूर्व भाजपा विधायक चैंपियन जेल से रिहा

विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर कथित रूप से गोलीबारी करने के मामले में भाजपा के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया

Follow : Google News Icon  
Kunwar Pranav Singh Champion
Kunwar Pranav Singh Champion | Image: Republic

उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर कथित रूप से गोलीबारी करने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया।

चैंपियन, पिछले डेढ़ माह से भी अधिक समय से जेल में बंद थे और हरिद्वार जिला अदालत ने मंगलवार को उन्हें जमानत दी थी।
कैंप कार्यालय पर 26 जनवरी की शाम को हुई गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने चैंपियन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

शुरुआत में पूर्व विधायक पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या के प्रयास) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था हालांकि बाद में पुलिस ने जांच के दौरान धारा 109 को हटाकर 110 लगा दी। चैंपियन की रिहाई के वक्त उनके सैकड़ों समर्थक हरिद्वार जिला अस्पताल के बाहर मौजूद थे।

हरिद्वार जेल में रहने के दौरान चैंपियन की तबीयत बिगड़ गई थी, जिस कारण 15 फरवरी को उन्हें हरिद्वार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और तब से उनका इलाज वहीं जारी था।

Advertisement

अस्पताल में होने के कारण भाजपा के पूर्व विधायक की रिहाई की प्रक्रिया आम कैदियों से अलग रही और जेल अधीक्षक ने सीधे अस्पताल पहुंचकर खुद कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें रिहा किया।

चैंपियन ने रिहाई के बाद पत्रकारों से कहा कि वह न्यायपालिका का सम्मान करते हैं और उनके साथ न्याय करने के लिए अदालत का शुक्रिया अदा करते है। रिहाई के बाद बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों के साथ चैंपियन हूटर बजाती हुई कई गाड़ियों के काफिले में रवाना हुए।

Advertisement

इसे भी पढ़ें: मुंह में ठूंसा कपड़ा और घोंट दिया गला...तड़प-तड़प कर मौत, CCTV में कैद

Published By:
 Deepak Gupta
पब्लिश्ड