अपडेटेड 7 February 2025 at 17:24 IST
Uttarakhand: भतीजी के विवाह में शामिल हुए CM योगी, जाएंगे अपने स्कूल भी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए उराखंड के पौड़ी जिले में स्थित पैतृक गांव पंचुर पहुंचे।
- भारत
- 2 min read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए उराखंड के पौड़ी जिले में स्थित पैतृक गांव पंचुर पहुंचे। हांलांकि, योगी की मौजूदगी में हुए विवाह समारोह से मीडिया को दूर रखा गया। योगी तीन दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे और शनिवार को वह निकटवर्ती ठांगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भी जाएंगे।
CM योगी ने इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण की
योगी ने इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण की थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा है हालांकि इससे पहले, जब वह गोरखपुर से सांसद थे, तब भी यहां आए थे। कार्यक्रम की तैयारी में जुटे स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि योगी आदित्यनाथ यहां बच्चों से बातचीत करेंगे और इसके बाद वह कांडी स्थित ‘राजकीय जूनियर हाईस्कूल’ भी जायेंगे और वहां भी बच्चों से बातचीत करेंगे।
कांडी गांव योगी आदित्यनाथ के गुरु अवैद्यनाथ का गांव है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पंचूर, ठांगर सहित आसपास इलाकों में उत्साह का माहौल है। योगी के इस दौरे को उनके बचपन की यादों से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्येंद्र शाह ने बताया कि योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर स्कूल को अच्छी तरह से सजाया गया है और स्कूल के छात्र-छात्राएं भी अपने पूर्व छात्र के स्वागत के लिए उत्साहित हैं। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका रजनी बहुगुणा ने बताया कि स्कूल के पुराने दस्तावेजों में योगी आदित्यनाथ का नाम अजय मोहन बिष्ट के रूप में दर्ज है।
Advertisement
उन्होंने बताया कि वर्ष 1972 में योगी आदित्यनाथ का यहां दाखिला हुआ था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को पंचुर पहुंचे थे और उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी में ब्रम्हलीन संत महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए थे।
उसके बाद उन्होंने अपने पिता दिवंगत आनंद सिंह बिष्ट की स्मृति में बने पार्क में 100 फुट उंचे तिरंगे व दो दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन किया था। आदित्यनाथ ने सिद्धपीठ महादेव मंदिर में दर्शन कर पूजा की और उन्होंने महाविद्यालय की गौरक्ष पत्रिका का विमोचन भी किया था। मुख्यमंत्री योगी शनिवार को ही लखनऊ लौटेंगे।
Advertisement
ये भी पढ़ें - खड़े होकर पेशाब क्यों नहीं करना चाहिए? जानें सही तरीका
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 7 February 2025 at 17:24 IST