शाहनबाज के साथ एक साल से रिलेशनशिप में थी लड़की, दूसरी गर्लफ्रेंड के साथ देखा तो हुआ विवाद; युवक ने कार के बोनट पर कई मीटर तक घसीटा, VIDEO
लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवती को कार से टक्कर मारने की घटना सामने आई है। पीड़िता के मुताबिक, विवाद के बाद उसके परिचित युवक और उसके दोस्त ने उस पर कार से हमला कर दिया।
- भारत
- 2 min read
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर विस्तार में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास एक तेज रफ्तार कार ने युवती को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने अपने ही परिचित पर जानबूझकर कार से कुचलने का गंभीर आरोप लगाया है।
चाय की दुकान पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि वह शहनवाज अली नामक युवक के साथ रिलेशनशिप में थी। बुधवार सुबह वह पार्क के पास चाय पी रही थी, तभी शहनवाज अपने दोस्त दानिश और दो अन्य युवतियों के साथ कार से वहां पहुंचा। शहनवाज को अन्य लड़कियों के साथ देखकर पीड़िता ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई।
कार रोकने की कोशिश पर जानलेवा हमला
विवाद बढ़ता देख शहनवाज और दानिश कार में बैठकर भागने लगे। जब पीड़िता ने कार के आगे आकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोप है कि शहनवाज ने बेधड़क कार युवती पर चढ़ा दी। टक्कर लगने से युवती सड़क पर गिरकर घायल हो गई, जबकि आरोपी तेजी से कार लेकर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को तुरंत मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मुख्य आरोपी शहनवाज अली और उसके साथी दानिश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।