अलीगढ़ में फूड सेफ्टी टीम की बड़ी छापेमारी, 400 किलो नकली पनीर और 2000 लीटर सिंथेटिक दूध नष्ट किया, कई डेयरी सील
अलीगढ़ के चंडौस में FSDA ने 400 किलो नकली पनीर और 2000 लीटर सिंथेटिक दूध को नष्ट किया है। चौहान, सिराज, मकसूर खां और बरकत अली डेयरी पर ये छापेमारी की गई थी, इसके साथ ही एक आरोपी को हिरासत में भी लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें
- भारत
- 2 min read

अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने चंडौस के गांव सुदेशपुर में छापेमारी कर नकली दूध और पनीर बनाने वाले गिरोह पर शिकंजा कसा है। टीम ने 400 किलो नकली पनीर और 2000 लीटर सिंथेटिक दूध जब्त कर नष्ट किया। सबसे ज्यादा सामान बरकत अली डेयरी से बरामद हुआ। जहां 400 किलो नकली पनीर और 2000 लीटर सिंथेटिक दूध था, टीम ने मौके पर ही इस पूरे सामान को नष्ट किया।
9 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए
छापेमारी के बाद इन सभी सभी डेयरी को सील कर दिया गया है और एक युवक को मौके से हिरासत में लिया है। FSDA की टीम ने चौहान डेयरी, सिराज डेयरी और मकसूर खां डेयरी पर छापा मारा। इन सभी जगहों से कुल 9 नमूने लिए गए हैं, जो जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
नकली पनीर खाने से हुए थी युवक की मौत
ये कार्रवाई इसलिए और जरूरी हो जाती है क्योंकि बीते दिनों चंडौस इलाके में जिम में नकली पनीर खाने के बाद एक किशोर की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों में नकली डेयरी प्रोडक्ट्स को लेकर काफी गुस्सा था। इस अभियान का नेतृत्व लखनऊ के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह और गौतमबुद्ध नगर के सहायक खाद्य आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने किया था। टीम ने पूरे इलाके में पहले काफी जांच की थी, इसके बाद सोच समझ कर अचानक ये छापेमारी की गई ताकि किसी को शक ना हो।
FSDA ने साफ कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं को भी सलाह दी गई है कि ब्रांडेड और प्रमाणित दूध-दही ही खरीदें। अलीगढ़ प्रशासन फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है। वहीं लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।