नौकरी के नाम पर करते थे ठगी, पैसे वापस मांगने पर मारपीट और फायरिंग; पुलिस ने 5 शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार
यूपी के मुरादाबाद में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले और फायरिंग करने वाले 5 आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानें कैसे देते थे ठगी को अंजाम? पूरी खबर पढ़ें
- भारत
- 2 min read

Uttar Pradesh Crime News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी आरोपी पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे लिए, जब पीड़ित ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने मारपीट की और डराने के लिए हवा में फायरिंग भी कर दी।
पुलिस ने आरोपियों को ऐसे पकड़ा
शिकायत के बाद एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की और सभी 5 आरोपियों को दबोच लिया, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई सामग्री भी बरामद कर ली है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि 'पीड़ित की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज किया गया। हमारी टीम ने सबूतों के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया। ये कार्रवाई आम नागरिकों को नौकरी के नाम पर ठगी से बचाने के लिए जरूरी है।'
नौकरी के चक्कर में बनाते थे शिकार
पुलिस ने आरोपीयों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस तरह की घटनाएं युवाओं को नौकरी के चक्कर में ठगी का शिकार बनाती हैं, इसलिए पुलिस ने सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह सक्रिय था और कई युवाओं से इसी तरीके से ठगी की जा रही थी, इस बरामद सामग्री में फायरिंग से जुड़े सामान भी शामिल हैं। युवाओं को सलाह दी जाती है कि नौकरी दिलाने का दावा करने वालों से सावधान रहें। हमेशा सरकारी पोर्टल या प्रमाणित एजेंसी से ही संपर्क करें।