होली पर इस बार घर जाना होगा आसान, 28 फरवरी से 9 मार्च तक यूपी में दौड़ेंगी 500 स्पेशल बसें, कर्मचारियों को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन
UP Bus on Holi: होली पर्व के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा है कि 28 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
- भारत
- 3 min read

UP News : उत्तर प्रदेश में होली के मौके पर योगी सरकार ने लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की है। प्रदेश में 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा कर्मठ कर्मचारियों को 3600 से 4500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। लोगों को परेशानी न हो, इसलिए पहले से ही प्रदेश सरकार सुनिश्चित कर रही है कि अंतिम समय में पर्याप्त संख्या में कर्मचारी बसों के संचालन के लिए हों।
अन्य रूट्स पर भी चलेंगी बसें
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा है कि होली से कुछ दिन पहले और पर्व के बाद तक बड़ी संख्या में लोग अपने गृह जनपदों की ओर रुख करते हैं, ऐसे में बस अड्डों पर भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। दिल्ली और गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी में यात्रा का दबाव अधिक रहता है, इसलिए इन क्षेत्रों में बसों और कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या पहले से निर्धारित कर ली जाएगी।
प्रमुख रूटों दिल्ली, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर और पश्चिमी यूपी के जिलों पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रारंभिक प्वाइंट से ही 60 प्रतिशत यात्री भर जाते हैं, तो प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी स्पेशल बसे चलाई जाएंगी।
त्योहार के दौरान नहीं मिलेगी छुट्टी
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिया है कि त्यहार के बीच में सभी निगम बसों को ऑनरोड रखा जाए और अनुबंधित बसों के कर्मियों को पर्व अवधि में अवकाश न दिया जाए। इसके अलावा यह भी कहा कि वाहन मालिक समय से मरम्मत कार्य पूरी कर लें ताकि लास्ट मिनट संचालन के लिए बस के उपलब्धता में कोई दिक्कत न आए।
Advertisement
योगी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि यात्रा के दौरान यात्रियों और बसों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। जाम और दुर्घटना की स्थिति को काबू कर संचालन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जरूरत पड़ने पर रात्रिकालीन सेवाएं भी बढ़ाई जाएंगी। अधिकारियों को यह कहा गया है कि किसी भी बस अड्डे पर यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े।
कर्मचारियों को प्रोत्साहन योजना
मंत्री ने कहा कि होली के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले ड्राइवरों, कंडक्टरों और अन्य कर्मचारियों को 3600 रु से लेकर 4500 रु तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी 10 दिन लगातार ड्यूटी पर 2100 रुपये और नौ दिन की ड्यूटी पर 1800 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे। सरकार का मानना है कि यह योजना कर्मचारियों को बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित करेगी और लोगों की यात्रा को आसान बनाएगी।