'सबसे ताकतवर कुर्सी पर बैठे व्यक्ति के चुनाव को रद्द किया था, 1975 का इमरजेंसी देश के लिए सबक है', दीक्षांत समारोह में बोले CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा, '1975 ने देश को सिखाया कि कानून का शासन और कानून के शासक में क्या फर्क होता है' l
- भारत
- 3 min read

लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के पांचवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत के राजनीतिक और संवैधानिक इतिहास के कुछ अहम पलों को याद किया। छात्रों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने 1975 के आपातकाल का जिक्र किया और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस हंसराज खन्ना द्वारा जताई गई असहमति को रेखांकित किया। सीएम योगी ने अनुच्छेद 370 को हटाने के फैसले का भी जिक्र किया।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा,"ये वही उत्तर प्रदेश है जिसके उच्च न्यायालय ने 12 जून को भारत की सबसे ताकतवर कुर्सी पर बैठे व्यक्ति के चुनाव को रद्द किया था। उसके ठीक 13 दिन के बाद प्रतिक्रिया में देश के अंदर आपातकाल लागू हुआ था। तब सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ती हंसराज खन्ना ने अकेले असहमति व्यक्त की थी और उन्हें उसकी कीमत चुकानी पड़ी थी। मगर इतिहास व्यर्थ नहीं जाता है।"
1975 ने देश को कानून का अंतर सिखाया
सीएम योगी ने आगे कहा, "अभी हाल ही में आपने देखा होगा कि 2017 में उच्चतम न्यायालय ने उसी एक असहमति को सही माना। 1975 ने देश को सिखाया कि कानून का शासन और कानून के शासक में क्या फर्क होता है। यह देश के लिए 1975 का सबक है।" जब हम दीक्षांत समारोहों में जाते हैं, तो वहां दिए जाने वाले भाषण अक्सर बहुत लंबे और विस्तृत होते हैं। इसलिए, उस परंपरा से हटकर, मैं आपसे कुछ अलग तरह से बात करना चाहता हूं।"
सीएम योगी ने अनुच्छेद 370 का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने 16 मई 2014 का भी जिक्र किया, जब 30 साल बाद देश में किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि सुधारों का मतलब केवल नए कानून बनाना ही नहीं, बल्कि पुराने और अप्रासंगिक कानूनों को हटाना भी है। उन्होंने इस प्रक्रिया की शुरुआत करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। उन्होंने सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को भी हटा दिया गया, जिससे देश के लिए 'एक संविधान, एक ध्वज और एक प्रमुख' के सिद्धांत को मजबूती मिली।