कोई अस्थि कलश लेकर, कोई जंजीरों में बंधकर पहुंचा विधानसभा...UP में बजट सत्र की हंगामेदार शुरुआत, CM बोले- हार की खुन्नस...
सत्र की शुरुआत से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास धरना दिया। कई नेता अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते नजर आए।
- भारत
- 4 min read

UP Budget Session: उत्तर प्रदेश के बजट सत्र से पहले आज (18 फरवरी) से शुरुआत हो गई है। सत्र शुरू होने से पहले ही समाजवादी पार्टी ने यूपी विधानसभा के बाहर जोरदार हंगामा किया। महाकुंभ भगदड़ को लेकर सपा नेताओं ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं, समाजवादी पार्टी के एक नेता को 'अस्थि कलश' लेकर विधानसभा पहुंचे। तो एक विधायक खुद को जंजीरों से बांधकर आए। सपा के विरोध प्रदर्शन पर सीएम योगी ने पलटवार करते हुए कहा है कि विपक्ष हार की खुन्नस न यहां न निकालें।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से 5 मार्च तक चलेगा। 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आम बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र में महाकुंभ भगदड़ समेत कई मुद्दों सत्ता पक्ष और विपक्ष में आर-पार की लड़ाई देखने को मिलेगी।
सपा विधायकों ने किया प्रदर्शन
बजट सत्र की शुरुआत ही काफी हंगामे से हुई है। सत्र की शुरुआत से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास धरना दिया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और वरिष्ठ सपा नेता राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।
अस्थि कलश लेकर विधानसभा क्यों पहुंचे सपा नेता?
वहीं, समाजवादी पार्टी के एक नेता आशुतोष सिन्हा साइकिल से 'अस्थि कलश' लेकर विधानसभा पहुंचे। सपा नेता ने कहा, ''उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ का आयोजन किया, लेकिन इतनी बदइंतजामी हुई कि कई लोगों की जान चली गई। सरकार मौतों की संख्या भी जारी नहीं कर रही है। वह हर दिन आंकड़े देते हैं कि कितने लोगों ने स्नान किया, लेकिन यह नहीं दे सकते।''
उन्होंने कहा कि ये अस्थि कलश सरकार को नैतिकता सिखाने के लिए है। इसे लोकतंत्र के मंदिर में स्थापित करेंगे। महाकुंभ हादसे को लेकर सरकार से सवाल करेंगे।
Advertisement
खुद को जंजीरों से बांधकर किया अनोखा प्रदर्शन
इसके अलावा समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने खुद को जंजीरों में बांधकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जिन भारतीयों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है, उनका अपमान हुआ है। विधानसभा के बाहर अतुल गले से लेकर पांव तक जंजीरों से बंधे दिखे। उन्होंने कहा कि ये डबल इंजन की सरकार है। रोजगार दे नहीं पाए, जिस वजह से लोग डंकी रूट से जाते हैं। यह ट्रंप सरकार को अपना दोस्त बताती है। क्या दोस्ती में ऐसी चीजें की जाती हैं। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में किसी भी भारतीय को हथकड़ी लगाकर निर्वासित न किया जाए।"
सपा के प्रदर्शन पर क्या बोले CM योगी…?
समाजवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी पलटवार किया। उन्होंने बजट सत्र की शुरुआत से पहले कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में ऐसे कम अवसर आए हैं जब इतने लंबे समय तक सत्र आहूत किया गया हो। सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से पूरी होनी चाहिए।
Advertisement
उन्होंने कहा कि यह केवल सत्ता पक्ष ही नहीं विपक्ष की भी उतनी ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सदन चर्चा का मंच बनना चाहिए। अगर विपक्ष सार्थक चर्चा को आगे बढ़ाने में मदद करेगा, तो मेरा अनुमान है कि यह सत्र बहुत अच्छा हो सकता है। सीएम योगी ने यह भी कहा कि हम उम्मीद हैं कि विपक्ष हार की हताशा से परेशान अपनी खुन्नस को सदन पर नहीं उतारेगा। मैं आश्वस्त करता हूं कि जिस भी मुद्दे पर विपक्ष चर्चा की मांग करेगा, हम उसका जवाब देंगे।