UP: खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर मौत, तीन घायल; पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हो गई। लखनऊ से मैच खेलकर देवरिया लौट रहे तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत सड़क हादसे में हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुल्तानपुर बल्दीराय के सुखबड़ेरी माइलस्टोन 97.5 के पास हुआ।
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार सभी लोग बूरी तरह अंदर फंस गए। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक टेनिस खिलाड़ियों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीन घायलों का अयोध्या में इलाज चल रहा है। मृतक और घायल सभी टेनिस खिलाड़ी बताए जा रहे हैं और सभी मैच खेलकर घर लौट रहे थे।
लखनऊ से देवरिया लौटते समय हादसा
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि वे टेनिस प्लेयर हैं। वह अपने पांच दोस्तों के साथ लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर वापस देवरिया लौट रहे थे। कार में सभी नींद में थे। हादसा कैसे हुआ, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।