'अखिलेश जी, अपने मित्र राहुल को बधाई दी या नहीं?', ओपी राजभर ने MLC चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर कसा तंज
ओपी राजभर ने MLC चुनाव के नतीजों को लेकर तंज कसा है। उन्होंने अखिलेश यादव से पूछा कि उन्होंने राहुल गांधी को बधाई दी या नहीं? साथ ही कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए।
- भारत
- 4 min read

OP Rajbhar Attacked Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या उन्होंने राहुल गांधी को बधाई दी है? राजभर ने आगे तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में तो कांग्रेस को चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी तक नहीं मिले, और जहां मिले भी, वहां उनका रिजल्ट जीरो रहा।
ओपी राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर गुरुवार की सुबह पोस्ट किया। उन्होंने इसकी शुरुआत समाजवादी पार्टी के प्रमुख को बधाई देने से की और लिखा, 'अखिलेश जी, एमएलसी चुनाव के नतीजों में आपकी पार्टी के प्रदर्शन की आपको बहुत बधाई। वैसे ये बताइए अपने मित्र राहुल जी को बधाई दिए या नहीं?'
कांग्रेस के प्रदर्शन पर राजभर का प्रहार
उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, 'यूपी में तो कांग्रेस वालों को प्रत्याशी भी नहीं मिला, जहां मिला वहां रिजल्ट में 'जीरो'आया। यहां तक की कांग्रेस शासित कर्नाटक में लोगों ने आपके मित्र को दुत्कार दिया।'
कांग्रेस की 200 सीटों की डिमांड दिलाई याद
राजभर ने याद दिलाया कि कांग्रेस खुद को आपका बड़ा भाई मानता है। 403 में से 200 से ज्यादा सीटें उन्हें चाहिए। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस आपसे सीटें मांगने आए तो उन्हें 'जीरो' तो याद दिला ही दीजिएगा। साथ ही पूछियेगा कि एमएलसी चुनाव में कोई कांग्रेस वाला सपा के प्रत्याशी को समर्थन देने के लिए एक भी दिन खड़ा हुआ?
Advertisement
कैबिनेट मंत्री ने आगे सपा से कहा कि वे कांग्रेस से यह भी पूछे कि यह कैसा भाईचारा है कि आप चुनाव लड़ रहे और आपका बड़ा भाई (कांग्रेस) आपके साथ खड़ा होने नहीं आया। यानी हिस्सा 'आधा' चाहिए और समर्थन 'जीरो' देंगे। बड़ी नाइंसाफी है महाराज। इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाईचारा मुबारक!
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
वहीं अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए ट्वीट कर लिखा, ‘जो न डरे आज के जुल्मों के हालात से, सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें। हम वाराणसी शहर के अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वो मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये आदि की व्यवस्था करके अपने साथियों की मदद करें और हौसलों के गीत गाकर जागते रहें। सवेरा अपना होगा। सड़क पर लिखी वो चेतावनी याद रखें : नजर हटी, दुर्घटना घटी!’
Advertisement
4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर चुनाव
बता दें कि यूपी, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हुए। इन चुनावों में कांग्रेस सिर्फ नागपुर में ही सीट जीत पाई है। इससे पहले इन 28 सीटों में से कांग्रेस के पास 4 सीटें थीं।
UP MLC चुनाव पर 4 सीटों पर जीती सपा
वहीं समाजवादी पार्टी की बात करें तो यहां कुल 11 सीटों में से 6 पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली। वहीं 4 पर सपा जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि एक सटी (वाराणसी) पर बढ़त बनाए हुए है।