अखिलेश यादव के 'राशन में तेल-घी' के ऐलान पर बरसे ओपी राजभर, कहा- सपा की सरकार दोबारा नहीं आने वाली
OP Rajbhar: ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के 'राशन में तेल-घी' के ऐलान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वे कुछ भी बोल रहे हैं जिससे की सत्ता में उनकी सरकार बने।
- भारत
- 3 min read

OP Rajbhar Attacked on Akhilesh Yadav: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 'राशन में तेल-घी' देने वाले बयान पर योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वे उल-जलूल बातें कर रहे हैं, समाजवादी पार्टी की सरकार दोबारा सत्ता में नहीं आने वाली है।
ओपी राजभर ने मंगलवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अखिलेश के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव की सरकार नहीं आने वाली है। वे पीडीए की सरकार चिल्ला रहे हैं और सरसों का तेल देने की बात कर रहे हैं। जब उनकी पांच साल सरकार थी, तब उन्होंने क्या किया? केवल अपनी जाति को आगे बढ़ाया। हर भर्ती में अपनी जाति को बढ़ाया।'
अखिलेश यादव पर भड़के राजभर
राजभर ने सवाल उठाया कि सपा की सरकार में उन्होंने दूसरी जाति के बारे में कहां सोचा था? उन्होंने किसी और जाति के लोगों को अपनी इच्छा से कहीं भी भर्ती नहीं कराया। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव का जो पांच साल का कार्यकाल रहा, वह उनके लिए शासक (अड़चन) बना हुआ है। सभी जानते हैं कि वे केवल अपनी जाति को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। वे वोट तो सभी से बटोरते हैं, लेकिन दूसरी जाति के लिए कुछ नहीं करते।
'पहले लाठी में तेल लगवाकर पिटवाया, अब PDA को…'
सुभासपा प्रमुख ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के तेल वाले ऐलान पर कहा, 'वे कुछ भी बोल रहे हैं जिससे की सत्ता में उनकी सरकार बने। पहले लाठी में तेल लगवाकर पिटवाया। लेकिन लाठी में भी तेल काम नहीं किया। अब पीडीए को तेल लगा रहे हैं। लेकिन पीडीए में उनके साथ है ही कौन? जितने भी नेता है उनमें किसी की भी वोट दिला पाने की कुव्वत है?'
Advertisement
इस दौरान उन्होंने गिनाया कि एनडीए में वोट लाने वालों की भरमार है। उन्होंने कहा, 'एनडीए में जयंत चौधरी, अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर के पास भी कुव्वत है। वोट दिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी अपने आप में कुव्वत में है। यह लोग (सपा) क्या बात करेंगे?'
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि अयोध्या दीपोत्सव 2026 में दीपों को जलाए जाने के बाद दीयों से तेल निकालने वाली महिलाओं पर कार्रवाई का मामला गरमाया हुआ है। सुरक्षाबलों ने दीयों से तेल निकाल रही महिलाओं को लाठी पटकते हुए हटा दिया था।
Advertisement
अखिलेश यादव ने क्या ट्वीट किया था?
इसे लेकर अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर कहा था कि सपा की सरकार बनने पर राशन में तेल-घी दिया जाएगा। उन्होंने कहा, 'हम एक ऐसी अयोध्या बनाएंगे, जहां कोई भी अहंकारी तेल बटोरती किसी गरीब स्त्री या बच्चे-बच्ची को बेंत मारकर बेइज्जत और उत्पीड़ित नहीं करेगा। हम सरकार में आकर राशन में 'तेल-घी' भी देकर शरीर की पौष्टिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगे।'