Noida International Airport: खत्म हुआ इंतजार! 15 जून से जेवर एयरपोर्ट से शुरू होंगी फ्लाइट्स, कब और कहां के लिए भरेगा उड़ान; कितना होगा किराया?
Noida International Airport: इंडिगो आधिकारिक तौर पर जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से पहली कमर्शियल फ्लाइट शुरू करने वाली एयरलाइन बनने वाली है। वो फ्लाइट 15 जून 2026 से शुरू करेगी।
- भारत
- 3 min read

Noida International Airport: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया है। यूपी सरकार ने बताया कि जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से पहली कमर्शियल फ्लाइट जल्द शुरू होने वाली है। 15 जून 2026 से जेवर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स शुरू हो जाएंगी और इसका जिम्मा इंडिगो एयरलाइन ने उठाया है।
ये दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बड़ी खबर है। पहली फ्लाइट लखनऊ से सुबह 7:05 बजे रवाना होगी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह 8:05 बजे पहुंचेगी। इसके तुरंत बाद, एयरपोर्ट नोएडा से बेंगलुरु के लिए अपनी पहली उड़ान सेवा शुरू करेगा, जो एनसीआर के नए तकनीकी गलियारे को भारत की "सिलिकॉन वैली" से जोड़ेगा।
जेवर से जल्द उड़ान भरने को तैयार है प्लेन
उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट योगी सरकार के उत्तर प्रदेश को बहु-मार्ग कनेक्टिविटी और वैश्विक निवेश के केंद्र के रूप में विकसित करने के व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है। यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के लिए एक नया विकल्प पेश करेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइन तेजी से परिचालन बढ़ाने की योजना बना रही है, जिसके तहत जेवर को भारत के 16 से अधिक शहरों से जोड़ा जाएगा। इनमें बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे महानगरों के साथ-साथ अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे गंतव्य शामिल हैं।
Advertisement
इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने कहा, “इंडिगो को गर्व है कि वो एनसीआर के तीनों एयरपोर्ट- IGI एयरपोर्ट, हिंडन और NIA से सेवाएं दे रहा है।”
15 जून से जेवर एयरपोर्ट पर शुरू होंगी फ्लाइट्स
15 जून को उद्घाटन के साथ, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव को भी काफी हद तक कम करने में मदद करेगा। इससे आसपास के जेवर क्षेत्र में रियल एस्टेट और औद्योगिक विकास में भी तेजी आएगी।
Advertisement
उत्तर प्रदेश सरकार का कहना है कि, “जेवर एयरपोर्ट से राज्य की अर्थव्यवस्था के नई ऊंचाइयों पर पहुंचने की उम्मीद है। इससे उद्योग, पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।”
कितना होगा किराया?
15 जून को लखनऊ से नोएडा जाने वाली फ्लाइट 6E 2278 का किराया 11,267 रुपए है, जबकि नोएडा से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E 2279 के लिए किराया 10,861 रुपए दिख रहा है।