UP: मुजफ्फरनगर में 'ढोंगी बाबा' गैंग का पर्दाफाश, साधु के वेश में ठगी करने वाले 9 मुस्लिम युवक गिरफ्तार
Muzaffarnagar Dhongi Baba Gang: मुजफ्फरनगर पुलिस ने साधु की वेशभूषा में ठगी करने वाले 9 मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हिंदू नाम के फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोगों को गृह क्लेश दूर करने के नाम पर ठग रहे थे।
- भारत
- 3 min read

Muzaffarnagar Dhongi Baba Gang: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को बेनकाब किया है, जो साधु-संतों की वेशभूषा धारण कर मासूम ग्रामीणों को अपनी ठगी का शिकार बना रहा था। ककरौली थाना पुलिस ने जडवड़ गांव से कुल 9 मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया है।
ये आरोपी भगवा वस्त्र पहनकर और माथे पर तिलक लगाकर भिक्षा मांगने के बहाने लोगों के घरों में दाखिल होते थे और उन्हें तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाकर मोटी रकम वसूलते थे। ये आरोपी इलाके में पिछले 5-7 सालों से सक्रिय थे।
हिंदू नामों से बनाया फर्जी आधार कार्ड
इस गैंग की सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि इन्हें पता था कि आज के समय में कहीं भी पहचान पत्र (आधार कार्ड) मांगा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में शकील, शौकीन, इकबाल, सजील, अयूब, हनीश, एहसान, शमशाद और शाहिद शामिल हैं। इन्होंने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए हिंदू नामों से फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे।
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जडवड़ गांव के लोगों को जब इनके व्यवहार पर संदेह हुआ, तो उन्होंने इनके आधार कार्ड चेक किए, जो वेरिफिकेशन में पूरी तरह फर्जी पाए गए। ये सभी आरोपी मूल रूप से झूला बुढ़ाना के रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में मीरापुर में किराए पर रहकर अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
Advertisement
गृह क्लेश दूर करने के नाम पर हजारों की लूट
गिरोह के काम करने का तरीका बेहद शातिर था। ये लोग गांव के कम पढ़े-लिखे और भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बनाते थे। ये लोगों से कहते थे कि उनके घर में भारी गृह क्लेश और संकट है, जिसे ये अपनी शक्तियों से दूर कर सकते हैं।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह अलग-अलग गांवों में टोलियां बनाकर निकलता था और एक दिन में 15 से 20 हजार रुपये तक की ठगी कर लेता था। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने एक मंदिर के बाबा से मिलकर कुछ धार्मिक ज्ञान और तौर-तरीके सीखे थे, जिनका इस्तेमाल वे अब लोगों को ठगने में कर रहे थे।
Advertisement
धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
SSP संजय वर्मा ने जानकारी दी कि पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन लोगों ने फर्जी आधार कार्ड कहां से बनवाए और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन शामिल है।