शादी, अबॉर्शन, शक और...मर्डर के बाद मानस का 'मुझे धोखा दिया' वाला WhatsApp स्टेटस; लखनऊ में दिव्या हत्याकांड में '1.5 करोड़' का एंगल आया सामने
मानस के मामा के बेटे पीयूष ने बताया कि मानस और दिव्या के रिश्ते में तनाव की शुरुआत गर्भपात के बाद हुई थी। पीयूष के मुताबिक, शादी के करीब दो साल बाद दिव्या गर्भवती हुई थी।
- भारत
- 4 min read

लखनऊ के गोमतीनगर में डबल मर्डर और सुसाइड मामले की जांच पुलिस कर रही है। इस बीच पुलिस ने कहा कि दिव्या मिश्रा ने अपने तलाक में 1.5 करोड़ रुपये का फाइनेंशियल सेटलमेंट मांगा था, जो उनके बैंकर पति मानस बाजपेयी द्वारा उनकी हत्या के पीछे का एक संभावित कारण हो सकता है। हालांकि प्रारंभिक जांचों में ये बात खुलकर सामने आई है कि यह गंभीर घटना पारिवारिक कलह और वित्तीय विवादों का परिणाम थी।
मानस के मामा के बेटे पीयूष ने बताया कि मानस और दिव्या के रिश्ते में तनाव की शुरुआत गर्भपात के बाद हुई थी। पीयूष के मुताबिक, शादी के करीब दो साल बाद दिव्या गर्भवती हुई थी। उस समय दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था और मानस-दिव्या भी बच्चे को लेकर काफी खुश थे। हालांकि दिव्या का गर्भपात हो गया। पीयूष के अनुसार, इसके बाद पति-पत्नी के बीच धीरे-धीरे दूरियां बढ़ने लगीं।
दोनों अलग-अलग रहने लगे और वैवाहिक रिश्ते में तनाव बढ़ता गया। परिवार के मुताबिक, धीरे धीरे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और मामला अदालत तक पहुंच गया। दिव्या के परिवार की ओर से कोर्ट में मामला दायर किया गया था। पुलिस अब इसी पूरे घटनाक्रम को जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।
18 अगस्त को कोर्ट में तलाक को लेकर होनी थी सुनवाई, नहीं पहुंची दिव्या
Advertisement
दरअसल, 18 अगस्त को कोर्ट में सुनवाई में मानस तो पहुंचा, लेकिन दिव्या नहीं आई। इसलिए आगे की तारीख दे दी गई। दिव्या के न आने को लेकर मानस ने पता किया तो उसे कुछ ऐसी जानकारी हासिल हुई, जिससे वह तिलमिला उठा। दोस्तों का कहना है कि सुनवाई से लौट कर आने के बाद से मानस बेचैन हो उठा था। उसे इतना परेशान कभी नहीं देखा था। कोर्ट और उसके बाहर दोनों में क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन ये तय है कि 18 अगस्त के बाद से मानस ने 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड की रूपरेखा तय की।
पत्नी पर करने लगा था शक
Advertisement
दिव्या ने दूरी बनाई तो मानस उस पर शक करने लगा था। परिजनों का आरोप है कि वह अक्सर दिव्या की रेकी करता था। वह कहां जा रही है, किससे मिल रही है, इसकी निगरानी रख रहा था। पुलिस ने मानस के चालक से पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि उसने कई अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस दिव्या की बहन प्रज्ञा और बहनोई भरत के भी बयान दर्ज करेगी। डीसीपी का कहना है कि अभी तक दोनों पक्षों से कोई तहरीर नहीं मिली है।
हत्या के बाद स्टेटस लगाया…अब खुद और बहन को मारना होगा
मानस ने पत्नी की हत्या के बाद व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया। लिखा, आज मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया। अब मुझे खुद और बहन को मारना होगा...। स्टेटस पढ़ने के बाद रिश्तेदारों को घटना की जानकारी हुई। वे मानस के घर पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बाद भी मानस ने जवाब नहीं दिया तो रिश्तेदार दरवाजा तोड़कर भीतर गए। कमरे में बेड पर मानस और तूलिका के शव पड़े थे। मानस के शव के पास दो पिस्तौल और एक तमंचा मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया सामने?
मानस के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि गोली उसके सिर के पार हो गई थी। वहीं दिव्या के चेहरे पर काफी चोटें हैं। वहीं इस मामले में उपयोग की गई ऑटो के ड्राइवर से पुलिस ने पूछताछ की है, ऑटो ड्राइवर ने कहा कि मानस ने हमारी ऑटो को हायर किया था और बोल रहा था कि यहीं रुको तुम्हारे साथ आगे चलेंगे।
परंतु कुछ देर बाद जब उसने गोली चलाई और मेरे ऑटो में आकर बैठा तो मैंने मना किया चलने से। उसके हाथ में बंदूक थी और उसने हमारे ऊपर बंदूक तान दी, अपनी जान बचाने के लिए हमें चलना पड़ा और आगे जाकर होसड़िया चौराहे पर हमें छोड़ दिया। ऑटो वाले ने यह जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने ड्राइवर को छोड़ दिया। पुलिस ने न तो ऑटो जब्त किया है ना ही उसे आरोपी बनाया है।
क्या था पूरा मामला
लखनऊ में बैंक कर्मचारी मानस ने अपनी पत्नी दिव्या और बहन तुलिका की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली थी। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मामले ने इसलिए भी गंभीर रूप ले लिया क्योंकि इसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मानस ने इतना बड़ा कदम उठाने से पहले किन परिस्थितियों का सामना किया था।