सड़ा हुआ पनीर, मरा कॉकरोच, मक्खियां और साफ बर्तनों पर गंदे पानी... मुंबई में McDonald's-रेडियो क्लब समेत सात फूड आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड
महाराष्ट्र में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट्स के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा एक्शन लिया है। दक्षिण मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और एक मैकडॉनल्ड्स आउटलेट समेत राज्य के 7 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
- भारत
- 3 min read

महाराष्ट्र में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट्स के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा एक्शन लिया है। दक्षिण मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और एक मैकडॉनल्ड्स आउटलेट समेत राज्य के 7 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। FDA ने सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण मुंबई के कोलाबा में बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब लिमिटेड का फ़ूड लाइसेंस सस्पेंड किया।
19 अगस्त को हुई अचानक जांच में 47% नियमों का पालन न करने की बात सामने आई जांच में मक्खियों का भारी जमावड़ा, एक मरा हुआ कॉकरोच और बर्तन धोने की जगह के पास खुले कॉकरोच ट्रैप पाए गए। इसके अलावा छत्रपति संभाजीनगर के एक होटल की रसोई में सड़ा पनीर, काला पड़ा तेल, खुले में रखा खाना समेत कई गड़बड़ियां मिलीं। वहीं गुटखा-पान मसाला के मामले में 6 लोग गिरफ्तार हुए हैं।
ये 7 मुख्य आउटलेट्स पर इन कमियों के चलते हुआ एक्शन
रिपोर्ट के मुताबिकमैकडॉनल्ड्स (कोलाबा, मेट्रो हाउस), के री-इंस्पेक्शन में 20 में से 18 कमियां जस की तस मिलीं। रसोई में जिंदा कॉकरोच, बिना धोए हाथों से खाना छूना और असली चीज के दावे के बीच एनालॉग सॉस का इस्तेमाल पाया गया। बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब (कोलाबा) में रसोई में जिंदा मक्खियां, मरे कॉकरोच और खाने के सामान के ठीक बगल में वाशिंग पाउडर रखा मिला।
Advertisement
खार जिमखाना (खार वेस्ट) में बर्तन धोने के लिए गर्म पानी की अनुपस्थिति, कच्चे व पके भोजन का एक साथ भंडारण और हाइजीन नियमों की अनदेखी मिली। नोवारा में पुरानी कमियों को न सुधारने और अनसैनिटरी बर्तनों का इस्तेमाल करने पर कार्रवाई हुई। स्टेटस रेस्टोरेंट (नरीमन पॉइंट) में ग्राहक की शिकायत पर हुई जांच में कर्मचारी साफ बर्तनों के ऊपर ही मुंह धोता पाया गया, जिससे गंदा पानी खाने के बर्तनों पर गिर रहा था।
मामले पर एफडीए के अधिकारियों ने क्या कहा?
Advertisement
अधिकारियों ने बताया कि रेस्तरां में तापमान नियंत्रित करने वाले उपकरणों में खामी, जीवित कॉकरोच, गंदगी और खाद्य अपशिष्ट समेत कई कमियां मिलीं। इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा हाथ साफ किए बगैर खाने के लिए तैयार खाद्य सामग्री संभालने की बात भी सामने आई। एफडीए ने कहा कि रेस्तरां ने 12 अगस्त को 148 पन्नों की अनुपालन रिपोर्ट जमा की थी, लेकिन दोबारा निरीक्षण में गंभीर कमियां मौजूद पाई गईं। अधिकारियों ने ग्राहकों को वास्तविक चीज और पनीर इस्तेमाल करने की जानकारी दिए जाने के बावजूद प्रसंस्कृत गैर-डेयरी उत्पाद ‘गो चीज सॉस’ के इस्तेमाल की भी बात कही
मलाड में होटल का लाइसेंस रद्द
मलाड स्थित नोवारा रेस्तरां संचालक इनजेनियस किचन्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है। एफडीए ने कहा कि 13 अगस्त को दोबारा निरीक्षण के दौरान पहले दर्ज 25 गंभीर कमियों में से 14 का समाधान नहीं किया गया था। नरीमन प्वाइंट स्थित स्टेटस रेस्तरां का लाइसेंस ग्राहक की शिकायत के बाद निलंबित किया गया। निरीक्षण में चेहरा धोने से साफ बर्तनों पर गंदा पानी गिरने, कर्मचारियों के पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण नहीं पहनने, गंदे बर्तनों, जमा पानी और खाद्य अपशिष्ट जैसी खामियां पाई गईं। खार पश्चिम स्थित खार जिमखाना का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता में गंभीर खामियों के चलते निलंबित किया गया।