UP: मोहब्बत और 'एक कमरे में वक्त गुजराने' की गंदी सोच की आग में जली BDO की सरकारी गाड़ी, पुलिस ने खाना बनाने वाली के प्रेमी को किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के अस्थायी निजी आवास पर खड़े सरकारी व निजी वाहनों में आगजनी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया।
- भारत
- 2 min read

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के अस्थायी निजी आवास पर खड़े सरकारी व निजी वाहनों में आगजनी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया। इस त्वरित अनावरण से पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और बेहतर रणनीति का स्पष्ट संदेश गया है। घटना के बाद जहां क्षेत्र में दहशत का माहौल था, वहीं पुलिस की सक्रियता से लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बीडीओ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी के निर्देश पर नेबुआ नौरंगिया थाने के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति के नेतृत्व में दरोगा संदीप यादव, कांस्टेबल यसवंत यादव, अश्वनी कुमार, संदीप कुमार और दीपक कुमार की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का सहारा लेकर हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की।
मोबाइल लोकेशन, कॉल हिस्ट्री और घटनास्थल से जुड़े इनपुट्स को मिलान करने पर संदिग्ध की पहचान हुई। सटीक तकनीकी विश्लेषण के दम पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
प्रेम प्रसंग में रची गई साजिश
Advertisement
जांच के दौरान सामने आया कि खाना बनाने वाली युवती के प्रेमी गोलू यादव ने ही इस वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी प्रेमिका बीडीओ के यहां भोजन बनाने का कार्य करती थी और उसके साथ कमरे में अकेली रहती थी, जिसे लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था। आक्रोश में आकर उसने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर सरकारी बोलेरो और निजी वैगनआर पर छिड़काव किया और आग लगा दी। वारदात से पहले उसने घरवालों से रिश्तेदारी में जाने की बात कही थी, लेकिन मौके की तलाश में सरेह में रुका और घटना को अंजाम दे दिया।
पुलिसिंग की सराहना,आरोपी जेल भेजा गया
Advertisement
कुशीनगर जिले में तीन दिन के भीतर खुलासा होने पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार,अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा व खड्डा क्षेत्राधिकारी विरेंद्र सिंह और पूरी टीम की जमकर सराहना हो रही है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने इसे “गुड वर्क” बताते हुए कहा कि निष्पक्ष और सक्रिय पुलिसिंग से अपराध पर अंकुश संभव है।
(पीके विश्वकर्मा का रिपोर्ट)