UP: मां के अवैध संबंधों के बारे में जान चुका था 12 साल का बेटा, रास्‍ते से हटाने के लिए प्रेमी ने गला घोंट मासूम की कर दी हत्या, नहर किनारे फेंकी लाश

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के रधिया देवरिया गांव में 28 मार्च को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 12 साल का मासूम अचानक लापता हो गया।

Follow : Google News Icon  
Kushinagar News mother's lover murdered teenager son
UP: मां के अवैध संबंधों के बारे में जान चुका था 12 साल का बेटा, रास्‍ते से हटाने के लिए प्रेमी ने गला घोंट मासूम की कर दी हत्या, नहर किनारे फेंकी लाश | Image: Republic

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के रधिया देवरिया गांव में 28 मार्च को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 12 साल का मासूम अचानक लापता हो गया। परिवार वालों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। बच्चे के अचानक गायब होने से पूरे गांव में दहशत और बेचैनी का माहौल बन गया। हर कोई यही जानना चाहता था कि आखिर मासूम कहां चला गया?

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और हर पहलू पर नजर रखी गई। करीब 24 घंटे के भीतर पुलिस को एक अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने इस पूरे मामले को और भी चौंकाने वाला बना दिया।

अवैध संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी डब्लू गौड़ का मृतक बच्चे की मां से अवैध संबंध था। मासूम को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी। आरोपी को यह डर सताने लगा कि बच्चा यह राज अपने पिता को बता देगा, जो विदेश में काम करता है। इसी डर ने आरोपी को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। उसने पहले बच्चे को बहाने से अपने साथ ले गया और फिर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

Advertisement

हत्या के बाद शव छिपाया, आरोपी गिरफ्तार

वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने मासूम के शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन पुलिस की जांच से वह ज्यादा देर तक बच नहीं सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों की आड़ में पनप रहे ऐसे अपराध आखिर कब रुकेंगे। एक मासूम, जिसने सिर्फ सच जाना, उसी सच की कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

Advertisement

इसे भी पढ़ें- क्या रूस और चीन से युद्ध में ईरान को मदद मिल रही है? उप विदेश मंत्री इस्माइल बघाई ने कर दिया बड़ा खुलासा

(कुशीनगर से पीके विश्वकर्मा का रिपोर्ट)
 

Published By :
Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड