UP: शादी की रात दुल्‍हन थी तैयार, मेहमान भी खा रहे थे चिकन-चावल...लास्‍ट मोमेंट पर दूल्‍हे ने बारात लाने से किया इनकार, वजह सुन सब हैरान

उत्तर प्रदेश कुशीनगर के पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में मंगलवार की रात दहेज के विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हे पक्ष ने अचानक बारात लाने से इनकार कर दिया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
kushinagar news bride waiting groom did not arrive family alleged dowry demand police probe
UP: शादी की रात दुल्‍हन थी तैयार, लास्‍ट मोमेंट पर दूल्‍हे ने बारात लाने से किया इनकार, वजह सुन सब हैरान | Image: Video Grab/Pixabay

उत्तर प्रदेश कुशीनगर के पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में मंगलवार की रात दहेज के विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हे पक्ष ने अचानक बारात लाने से इनकार कर दिया। रात 8 बजे जब दूल्हे के परिवार ने सूचना दी कि वे बारात लेकर नहीं आ रहे, तब तक 1500 लोगों का खाना तैयार हो चुका था और मेहमान भोजन शुरू भी कर चुके थे। सूचना मिलते ही गांव में बज रहा डीजे, सजावट और सभी तैयारियां बीच में ही रुक गईं। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके फोन बंद मिले। शादी तय कराने वाले अगुआ ने भी फोन स्विच ऑफ कर लिया।

बारात न आने की खबर से परेशान दुल्हन पक्ष के लोग तहरीर लेकर पहले बंसी चौकी और फिर पड़रौना थाने पहुंचे। इस बीच जब कुछ परिजन दूल्हे के घर गए तो पता चला कि दूल्हा नागेंद्र साहनी दिन से ही गायब है। शाम को उसके परिवार ने भी लापता होने की तहरीर दी थी, लेकिन इसकी जानकारी उन्होंने दुल्हन पक्ष को नहीं दी। गांव के प्रधान के अनुसार, बारात जाने वाली गाड़ियां दरवाजे पर खड़ी थीं लेकिन दूल्हा स्वयं गायब था। घटना के बाद दूल्हे का घर भी बंद मिला, जिससे शक और गहरा गया।

तय था 5 लाख कैश, पल्सर बाइक और...

जानकारी के अनुसार, रामकोला थाना क्षेत्र के बनकटा परवरपार निवासी नागेंद्र साहनी की शादी त्रिलोकपुर निवासी मोदिलाल की इकलौती बेटी से आठ माह पहले तय हुई थी। शादी में 5 लाख रुपये नकद, एक पल्सर बाइक और विदाई का सामान दहेज के रूप में निश्चित हुआ था। इनमें से 3 लाख रुपये दूल्हे पक्ष को पहले ही दे दिए गए थे। शेष 2 लाख रुपये और बाइक बारात वाले दिन देने की बात तय थी। दूल्हे पक्ष की मांग पर 2 क्विंटल चिकन, 200 लोगों के लिए शाकाहारी भोजन सहित कुल 1500 लोगों के लिए भव्य दावत का इंतज़ाम किया गया था। दुल्हन के पिता व भाइयों ने खेती-किसानी से जुटाई गई पूरी पूंजी इस शादी की तैयारी में लगा दी थी।

Advertisement

दहेज बढ़ाने का आरोप, दूल्हा पक्ष फरार; जांच में जुटी पुलिस

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी के दिन दूल्हे के घरवालों ने दहेज की मांग और बढ़ा दी थी। दबाव बनाकर अतिरिक्त रकम मांगी गई, जिसके कारण उन्होंने बारात लाने से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष अब इस परिवार से शादी करने को पूरी तरह तैयार नहीं है। पुलिस को दी गई तहरीर में दहेज बढ़ाने और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। उधर लड़के पक्ष के लोग घर बंद करके फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दूल्हे की खोज के साथ पूरे प्रकरण के तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

Advertisement

(कुशीनगर से पीके विश्वकर्मा का रिपोर्ट)

इसे भी पढ़ें- पति सौरभ या आशिक साहिल… 'नीले ड्रम वाली' मुस्कान ने जिस बेटी को दिया जन्‍म उसका असली बाप कौन? अब DNA रिपोर्ट से होगा फैसला

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड