UP में रोचक हुआ राज्यसभा चुनाव, सपा के तीसरे उम्मीदवार उतारने की तैयारी पर BJP बोली- अखिलेश को असली सरप्राइज तो हम देंगे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा विधायकों के संपर्क में होने का दावा किया था, जिसके जवाब में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि सपा के 25 विधायक उनके संपर्क में हैं और असली सरप्राइज भाजपा देगी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Akhilesh Yadav Keshav Prasad Maurya
Akhilesh Yadav Keshav Prasad Maurya | Image: ANI/X

UP News: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों प्रो. रामगोपाल यादव और रिलायंस ग्रुप से जुड़े धनराज नथवानी को मैदान में उतारकर उनका नामांकन भी दाखिल करा दिया है। इस बीच असली सस्पेंस पार्टी के तीसरे उम्मीदवार को लेकर गहराया हुआ है। एक तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि वे बीजेपी को राज्यसभा चुनाव में बड़ा सरप्राइज देंगे, तो दूसरी तरफ भाजपा ने भी सपा को बड़ा सरप्राइज देने का दावा ठोका है।

जी हां, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि असली सरप्राइज तो भाजपा देगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'बीजेपी राज्यसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। वो (सपा) अपनी तैयारी करें, हम अपनी तैयारी कर रहे हैं। सरप्राइज तो हम देंगे।'

सपा के 25 विधायक हमारे संपर्क में- केशव प्रसाद मौर्य

वहीं भाजपा के 10 विधायकों के संपर्क में होने के दावों पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के 25 विधायक खुद हमारे संपर्क में हैं। डिप्टी सीएम के इस बयान ने साफ कर दिया है कि विपक्षी दल किसी भ्रम में न रहे, क्योंकि बीजेपी उन्हें ऐसा सरप्राइज देने वाली है जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। इस बयान के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। दोनों ही खेमों की ओर से 'सरप्राइज' के दावों ने इस चुनावी मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया है।

10वीं सीट पर होगा दिलचस्प मुकाबला!

16 अक्टूबर को राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव होने जा रहे हैं। इन 10 सीटों में से पहले 8 सीटें भाजपा, एक सीट सपा और एक सीट बसपा के पास थी। हालांकि, मौजूदा विधायकों की संख्या के समीकरण को देखें तो भाजपा आसानी से 7 सीटों पर जीत दर्ज कर लेगी, जबकि 2 सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में जाने की पूरी उम्मीद है। सबसे दिलचस्प मुकाबला 10वीं सीट के लिए होगा, जहां भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर और शह-मात का खेल देखने को मिल सकता है।

Advertisement

राज्यसभा चुनाव का गणित और दांव

यूपी विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं, लेकिन फिलहाल 397 विधायकों के आधार पर 10 राज्यसभा सीटों के लिए प्रति उम्मीदवार 37 प्रथम वरीयता वोटों की जरूरत है। ऐसे में 288 विधायकों वाली भाजपा गठबंधन आसानी से 7 सीटें और 103 विधायकों वाला सपा-कांग्रेस गठबंधन 2 सीटें जीत सकता है, जिसके बाद दोनों के पास 29-29 अतिरिक्त वोट बचेंगे। 10वीं सीट के लिए दोनों ही पार्टियों को क्रॉस वोटिंग या अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी।

सपा ने राज्यसभा चुनाव में 3 प्रत्याशियों को उतारने की तैयारी की है। इनमें से दो (रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी) ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। अब अखिलेश यादव के तीसरे उम्मीदवार के ऐलान पर सभी की निगाहें हैं। वहीं अटकलें लगाई जा रही है कि अखिलेश अपने तीसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए भाजपा के सहयोगी दलों के विधायकों में सेंध लगाकर क्रॉस वोटिंग कराने का दांव चल सकते हैं। 

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'बैठक से पहले ही गठबंधन टूट गया, अखिलेश-स्टालिन-केजरीवाल कहां थे?', शिवराज सिंह चौहान ने INDI ब्लॉक की मीटिंग पर उठाए सवाल
 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड